देश की खबरें | इजराइल घटनाक्रम के चलते विदेश मंत्री कोहेन भारत यात्रा की अवधि में करेंगे कटौती
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. इजराइल के विदेश मंत्री एली कोहेन के अपनी भारत यात्रा को बीच में ही छोड़कर मंगलवार की शाम को स्वदेश लौटने की संभावना है। इजराइल में मौजूदा सुरक्षा स्थिति की सूचना मिलने के बाद कोहेन ने अपनी भारत यात्रा की अवधि में कटौती करने का फैसला किया।
नयी दिल्ली, नौ मई इजराइल के विदेश मंत्री एली कोहेन के अपनी भारत यात्रा को बीच में ही छोड़कर मंगलवार की शाम को स्वदेश लौटने की संभावना है। इजराइल में मौजूदा सुरक्षा स्थिति की सूचना मिलने के बाद कोहेन ने अपनी भारत यात्रा की अवधि में कटौती करने का फैसला किया।
तेल अबीब से प्राप्त खबरों के अनुसार, इजराइल की सेना ने मंगलवार तड़के गाजा पट्टी में ‘इस्लामिक जिहाद’ संगठन के ठिकानों पर हमले किए। भारत यात्रा पर नयी दिल्ली पहुंचने के बाद इजराइल के विदेश मंत्री ने अपने भारतीय समकक्ष एस जयशंकर के साथ कारोबार, निवेश, रक्षा, कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय संबंधों को विस्तार देने के बारे में विस्तृत चर्चा की।
उन्होंने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट करने के बाद तेल अबीब लौटेंगे।
भारत-इजराइल कारोबारी मंच के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कोहेन ने कहा कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समक्ष दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते के मुद्दे को भी उठायेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘ मैं समझता हूं कि इससे हमारे संबंधों को मजबूती मिलेगी।’’
वहीं, जयशंकर ने कोहेन से बातचीत के बाद ट्वीट किया, ‘‘ इजराइल के विदेश मंत्री एली कोहेन के साथ आज दोपहर को सार्थक एवं विस्तृत चर्चा हुई। हमारे सामरिक संबंधों का मुख्य स्तंभ- कृषि, जल, रक्षा एवं सुरक्षा है और यह हमारे रिश्तों को आगे ले जा रहा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ जल और कृषि के क्षेत्र में आज नए समझौते और अधिक कार्य की क्षमता को रेखांकित करते हैं।’’
जयशंकर ने कहा कि उच्च प्रौद्योगिकी, डिजिटल एवं नवाचार क्षेत्र, सम्पर्क, पर्यटन आवागमन, वित्त और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में सहयोग के बारे में चर्चा करने के साथ आई2यू2 जैसे बहुपक्षीय मंचों पर सहयोग में प्रगति की समीक्षा की।
विदेश मंत्री ने कहा, ‘‘ यूक्रेन, हिन्द प्रशांत और अपने अपने क्षेत्रों में विचारों का आदान प्रदान किया।’’
कोहेन ने तीन दिवसीय यात्रा पर भारत पहुंचने के कुछ ही घंटे बाद अपनी यात्रा की अवधि में कटौती करने का निर्णय किया है और उनके मंगलवार देर रात स्वदेश रवाना होने की संभावना है।
इजराइल के विदेश मंत्रालय ने कहा कि कोहेन नयी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट करने के बाद तेल अबीब लौटेंगे।
इजराइल के विदेश मंत्री आज सुबह नयी दिल्ली पहुंचे थे । उनकी इस यात्रा का मकसद द्विपक्षीय संबंधों को विस्तार देने के रास्ते तलाशने और इस वर्ष प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू की यात्रा का आधार तैयार करना है। कोहेन के साथ एक कारोबारी शिष्टमंडल भी आया है।
इजराइल के विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, ‘‘विदेश मंत्री एली कोहेन कुछ देर पहले भारत की राजधानी नयी दिल्ली पहुंचे और वहां पहुंचते ही उन्हें सुरक्षा संबंधी हालात की जानकारी मिली। इजराइल में घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में विदेश मंत्री कोहेन ने भारत की अपनी राजनयिक यात्रा की अवधि में कटौती की है।’’
बयान के अनुसार, ‘‘ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आज भेंट करने के बाद वे (कोहेन) इजराइल लौटेंगे।’’
तेल अबीब से प्राप्त खबरों के अनुसार, इजराइल की सेना ने मंगलवार तड़के गाजा पट्टी में ‘इस्लामिक जिहाद’ संगठन के ठिकानों पर हमले किए। इस हमले में आतंकी समूह के तीन वरिष्ठ कमांडर सहित 12 फलस्तीनी मारे गए हैं।
वहीं, कोहेन ने कहा, ‘‘ कुछ ही समय पहले मैं एक महत्वपूर्ण सामरिक एवं राजनीतिक यात्रा पर भारत पहुंचा । मुझे इजराइल की स्थिति के बारे में लगातार जानकारियां मिल रही हैं और मुझे यहां प्रधानमंत्री से आज मुलाकात की उम्मीद है। इसके बाद मैं अपनी यात्रा की अवधि में कटौती कर इजराइल लौटूंगा।’’
पिछले तीन महीने से कम समय में इजराइल के किसी वरिष्ठ अधिकारी स्तर की यह तीसरी भारत यात्रा है। मार्च के अंत और अप्रैल के प्रारंभ में इजराइल की संसद नेसेट के स्पीकर आमीर ओहाना भारत आए थे । पिछले महीने वहां के आर्थिक मंत्री नीर बरकत ने भारत यात्रा की थी।
गौरतलब है कि भारत और इजराइल के बीच संबंधों में पिछले कुछ वर्षो में काफी मजबूती आई है जिसमें खासतौर पर रक्षा, कृषि, जल प्रबंधन जैसे क्षेत्र शामिल हैं।
जनवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इजराइल के अपने समकक्ष नेतन्याहू के साथ टेलीफोन पर चर्चा की थी और अपने द्विपक्षीय सामरिक सहयोग को अधिक प्रगाढ़ बनाने पर सहमति व्यक्त की थी।
दीपक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)