देश की खबरें | ‘फ्लाई ऐश’ से लदा बांग्लादेशी जहाज रेत के टीले से टकराने के बाद मुरीगंगा नदी में डूबा

कोलकाता, 17 फरवरी पश्चिम बंगाल के बज बज से बांग्लादेश के लिए ‘फ्लाई ऐश’ लेकर जा रहा एक जहाज दक्षिण 24 परगना जिले के मुरीगंगा नदी में रेत के टीले से टकराने के बाद डूब गया। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि जहाज को खाली करने के बाद उसे पड़ोसी देश ले जाया जाएगा।

भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण (आईडब्ल्यूएआई) के अधिकारियों ने बताया कि बांग्लादेशी जहाज के चालक दल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और फिलहाल वे सागर थाने में हैं। ‘फ्लाई ऐश’ को निकालने की प्रक्रिया जारी है ताकि जहाज को वापस पड़ोसी देश ले जाया जा सके।

आईडब्ल्यूएआई के क्षेत्रीय प्रमुख जीजे रेड्डी ने कहा, ‘‘यह दुर्घटना 13 फरवरी की रात को उस समय हुई जब जहाज ‘फ्लाई ऐश’ लेकर बांग्लादेश वापस जा रहा था। जहाज को खाली करने की प्रक्रिया जारी है।’’

इस बीच, घोरामारा द्वीप के एक पंचायत सदस्य ने वीडियो साझा किया है, जिसमें डूबते हुए बांग्लादेशी जहाज से कथित तौर पर ‘फ्लाई ऐश को मुरीगंगा में डाला जा रहा है।

अपनी आजीविका के लिए नदी पर निर्भर स्थानीय मछुआरे ने नदी के प्रदूषण पर चिंता व्यक्त की।

कोलकाता बंदरगाह के एक अधिकारी ने कहा कि उस मार्ग पर बंदरगाह जाने वाले किसी भी जहाज का परिचालन नहीं होता, इसलिए बंदरगाह के परिचालनों पर कोई खतरा नहीं है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)