देश की खबरें | राहत नहीं पहुंचने पर बाढ़ पीड़ित कर सकते हैं शिकायत: आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री रेड्डी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने सोमवार को अल्लूरी सीतारामराजू जिले में बाढ़ प्रभावित कुनावरम और वीआर पुरम मंडलों के लोगों से राहत नहीं मिलने पर शिकायत करने को कहा।
कुनावरम(आंध्र प्रदेश), सात अगस्त आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री वाई एस जगन मोहन रेड्डी ने सोमवार को अल्लूरी सीतारामराजू जिले में बाढ़ प्रभावित कुनावरम और वीआर पुरम मंडलों के लोगों से राहत नहीं मिलने पर शिकायत करने को कहा।
रेड्डी बाढ़ प्रभावित जिलों अल्लूरी सितारामराजू, एलुरु और कोनसीमा के दो दिवसीय दौरे पर हैं।
मुख्यमंत्री ने बाढ़ प्रभावित गांवों के लोगों से बात करते हुए कहा,''हमारी सरकार पारदर्शी तरीके से राहत मुहैया करने का प्रयास कर रही है। राहत प्रदान करने के दौरान खर्च को घटाना हमारा इरादा नहीं है। हमारा मानना है कि कोई भी पीछे नहीं रहना चाहिए। यही हमारा लक्ष्य है।''
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारियों को राहत अभियान चलाने के लिए सभी संसाधन दे दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि जिलाधिकारियों को घर में बाढ़ के पानी के घुसने से प्रभावित परिवारों को आवश्यक सामग्रियों समेत दो हजार रुपये नगद देने का निर्देश दिया गया है। आवश्यक सामग्री में 25 किलोग्राम चावल, दाल, पाम तेल, दूध और सब्जियां शामिल हैं।
वहीं, बाढ़ से क्षतिग्रस्त हर तरह के मकानों के लिए 10,000 रुपये की राशि प्रदान की जाएगी।
रेड्डी ने कहा कि अगर किसी भी बाढ़ पीड़ित को राहत सामग्री नहीं मिलती है तो वह शिकायत करें।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)