दुबई से 177 यात्रियों को लेकर पहला विमान मंगलुरु हवाईअड्डे पहुंचा
हवाईअड्डे के सूत्रों ने बताया कि सभी यात्रियों में 88 पुरुष, 84 महिलाएं, पांच बच्चे और दो नवजात हैं। ये सभी एयर इंडिया एक्सप्रेस IX 384 विमान से मंगलवार देर रात यहां पहुंचे।
मंगलुरु, 13 मई दुबई से 177 यात्रियों को लेकर पहला विमान मंगलुरु अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचा।
हवाईअड्डे के सूत्रों ने बताया कि सभी यात्रियों में 88 पुरुष, 84 महिलाएं, पांच बच्चे और दो नवजात हैं। ये सभी एयर इंडिया एक्सप्रेस IX 384 विमान से मंगलवार देर रात यहां पहुंचे।
उन्होंने बताया कि कुल 12 चिकित्सीय आपात से जुड़े मामले हैं और यात्रियों में से 38 महिलाएं गर्भवती हैं।
जिला प्रशासन ने यात्रियों के लिए जरूरी इंतजाम किए थे। यात्रियों को यहां पहुंचने के बाद सेनिटाइजर और मास्क मुहैया कराए गए । स्वास्थ्य नियम के अनुसार उन सभी को सामाजिक दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।
तय मानक के अनुसार विदेश से सभी लोगों की जांच की गई। इसके बाद केएसआरटीसी बसों की मदद से उन्हें उनके द्वारा रहने के लिए चुने गए स्थानों पर भेजा गया। ये सभी 14 दिन तक पृथक वास में रहेंगे जिन पर स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर निगरानी रखेंगे।
विदेश से आए इन लोगों को रहने की व्यवस्था 17 होटल और 12 हॉस्टलों में की गई है। यात्रियों से अनिवार्य तौर पर ‘आरोग्य सेतु’ एप डाउनलोड करने के लिए कहा गया है ताकि संपर्क का पता किया जा सके।
पृथक केंद्रो की व्यवस्था को संभाल रहे आईएएस अधिकारी राहुल शिंदे और जिला स्वास्थ्य अधिकारी रामचंद्रन बेरी भी हवाई अड्डे पर मौजूद थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)