गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश), 21 अप्रैल गाजियाबाद के मोदीनगर में एक निजी स्कूल बस की खिड़की से सिर निकालकर बैठे कक्षा तीन के एक छात्र की बिजली के खंभे से सिर टकराने से हुई मौत के बाद बृहस्पतिवार को उसके माता-पिता तथा परिवार के अन्य सदस्यों ने थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली-मेरठ मार्ग पर रास्ता जाम करने की कोशिश की और पुलिस पर मामले के आरोपियों से सांठगांठ करने का आरोप लगाया।
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) इराज राजा ने बताया कि दिल्ली-मेरठ राजमार्ग का एक तरफ का हिस्सा प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए बाधित रहा। हालांकि प्रदर्शन कर रहे परिजन को मामले में समुचित कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद जाम खुल गया।
गौरतलब है कि मोदी नगर स्थित एक निजी स्कूल की तीसरी कक्षा में पढ़ने वाला 10 वर्षीय एक छात्र बुधवार को स्कूल बस की खिड़की से सिर निकालकर बैठा था।
जब बस स्कूल में दाखिल हो रही थी तभी उसे मोड़ते वक्त बच्चे का सिर बिजली के खंभे से टकरा गया, जिससे उसकी मौत हो गई। बच्चे के परिजन ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का मुकदमा दर्ज कराया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY