देश की खबरें | पश्चिम बंगाल में शांति भंग करने के लिए आई है ‘तथ्यान्वेषण’ टीम : ममता

कोलकाता, 10 अप्रैल पश्चिम बंगाल के हिंसा प्रभावित इलाकों में मौजूदा स्थिति को ‘शांतिपूर्ण’ बताते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को दावा किया कि एक अल्पज्ञात गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) द्वारा भेजी गई ‘तथ्यान्वेषण’ टीम यहां कानून व्यवस्था की स्थिति को बाधित करने के लिए राज्य का दौरा कर रही है।

पटना उच्च न्यायालय के एक पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता वाली टीम के अधिकार पर सवाल उठाते हुए बनर्जी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा आयोजित रामनवमी की रैलियों में लोग हाथ में हथियार लिये हुये थे और इस दौरान ट्रैक्टर चलाये जा रहे थे और उन्हें जानबूझकर उन मार्गों की ओर ले जाया गया, जहां नमाज पढ़ी जा रही थी।

तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख बनर्जी ने कहा, “अभी स्थिति बिल्कुल शांतिपूर्ण है। क्षेत्र में शांति भंग करने के लिए ‘तथ्य अन्वेषण’ टीम यहां आई है। इस टीम का क्या काम है? यह क्या करेगी? हर मामले में वे (केंद्र) मानवाधिकार आयोग, महिला आयोग, बाल आयोग और मीडिया आयोग को भेजते हैं।”

पश्चिम बंगाल में रामनवमी रैलियों के दौरान हुगली और हावड़ा जिलों के कुछ हिस्सों में हिंसा की घटनाएं हुईं थीं। पुलिस ने पटना उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश एल. नरसिम्हा रेड्डी के नेतृत्व में ‘तथ्यान्वेषण’ टीम को निषेधात्मक आदेशों का हवाला देते हुए किसी भी हिंसा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने की अनुमति नहीं दी।

बनर्जी ने सोमवार को राज्य सचिवालय में कहा, “वे नमाज के वक्त जानबूझकर वहां गए थे। भाजपा समर्थकों ने हथियार ले रखे थे। हथियार लेकर नाच रहे थे। धार्मिक रैलियों में लोग हथियार लेकर क्यों चलेंगे, ट्रैक्टर और बुलडोजर क्यों चलाएंगे? उन्हें अनुमति किसने दी? ये अवैध हैं। ये लोग बाहरी हैं और मुंगेर से लाए गए थे।”

टीएमसी ने एक वीडियो जारी किया था, जिसमें हावड़ा के काजीपाड़ा में कथित रूप से एक रैली में एक व्यक्ति को बंदूक ले जाते हुए देखा गया था। बाद में पुलिस ने उसे बिहार के मुंगेर से गिरफ्तार किया था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)