खेल की खबरें | भारत और अफगानिस्तान के बीच पहली टी20 श्रृंखला में नजरें विराट और रोहित पर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. भारत और अफगानिस्तान के बीच सीमित ओवरों की पहली श्रृंखला के शुरूआती टी20 मैच में बृहस्पतिवार को सभी की नजरें रोहित शर्मा और विराट कोहली पर टिकी होंगी जो 14 महीने बाद इस प्रारूप में वापसी कर रहे हैं ।

मोहाली, 10 जनवरी भारत और अफगानिस्तान के बीच सीमित ओवरों की पहली श्रृंखला के शुरूआती टी20 मैच में बृहस्पतिवार को सभी की नजरें रोहित शर्मा और विराट कोहली पर टिकी होंगी जो 14 महीने बाद इस प्रारूप में वापसी कर रहे हैं ।

जून में होने वाले टी20 विश्व कप से पहले तीन मैचों की यह श्रृंखला भारत के लिये आखिरी है और इससे अमेरिका तथा वेस्टइंडीज में होने वाले विश्व कप के लिये टीम संयोजन तैयार करने में मदद मिलेगी ।

वैसे अंतिम 15 का चयन आईपीएल में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर होने की संभावना है चूंकि वह विश्व कप से ठीक पहले होगा ।

रोहित और कोहली की टी20 प्रारूप में वापसी हो रही है और दोनों का विश्व कप खेलना तय लग रहा है लेकिन अफगानिस्तान के खिलाफ दोनों बड़े स्कोर बनाकर तैयारी पुख्ता करना चाहेंगे । दोनों दर्शकों के चहेते हैं और उनके खेलने से भारी शीतलहर के बावजूद मोहाली में इस मैच को लेकर काफी रोमांच है ।

कप्तान रोहित शर्मा पावरप्ले में वही आक्रामक अंदाज दोहराना चाहेंगे जो उन्होंने वनडे विश्व कप में दिखाया था । दूसरी ओर कोहली बीच के ओवरों में बेहतर स्ट्राइक रेट के साथ खेलना चाहेंगे क्योंकि इस प्रारूप में पारी का सूत्रधार बनने की जरूरत नहीं है ।

पिछले सप्ताह दक्षिण अफ्रीका से लौटी टीम बुधवार को श्रृंखला के पहले मैच से एक दिन पहले ही एकत्र होगी । यशस्वी जायसवाल और तिलक वर्मा टीम में हैं लेकिन पारी की शुरूआत रोहित के साथ शुभमन गिल ही करेंगे ।

दक्षिण अफ्रीका में गिल का प्रदर्शन उतना अच्छा नहीं रहा और शीर्षक्रम के लिये तेज होती प्रतिस्पर्धा के बीच उन्हें अफगानिस्तान के खिलाफ उम्दा प्रदर्शन करना होगा । दक्षिण अफ्रीका में रिंकू सिंह ने शानदार प्रदर्शन किया और मध्यक्रम में चोटिल सूर्यकुमार यादव और हार्दिक पंड्या की गैर मौजूदगी में उनकी भूमिका अहम होगी ।

ईशान किशन टीम में नहीं है और विकेटकीपिंग के विकल्प जितेश शर्मा तथा संजू सैमसन होंगे । पिछली दो श्रृंखलाओं में विकेटकीपिंग कर चुके जितेश को तरजीह मिलने की उम्मीद है । शिवम दुबे भी टीम में हैं और तेज गेंदबाज हरफनमौला के रूप में खेल सकते हैं । तेज गेंदबाजी का जिम्मा अर्शदीप सिंह, आवेश खान और मुकेश कुमार पर होगा । स्पिन का दारोमदार कुलदीप यादव संभालेंगे जबकि दूसरे विकल्प का चयन अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई और वॉशिंगटन सुंदर में से होगा ।

भारत में वनडे विश्व कप में अपने प्रदर्शन से सभी को चौंकाने वाली अफगानिस्तान टीम के हौसले बुलंद है और यह प्रारूप उन्हें रास भी आता है ।

नवंबर में कमर की सर्जरी कराने वाले स्टार स्पिनर राशिद खान की टभ्म में वापसी हुई है लेकिन शायद वह पहला मैच नहीं खेल सकेंगे । टीम के पास मुजीब जदरान, नवीनुल हक और फजलहक फारूकी जैसे शानदार खिलाड़ी भी हैं ।

टीमें :

भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, तिलक वर्मा, रिंकू सिंह, जितेश शर्मा, संजू सैमसन, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, आवेश खान, मुकेश कुमार ।

अफगानिस्तान : इब्राहिम जदरान (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज, इकराम अलीखिल, हजरतुल्लाह जजाइ, रहमत शाह, नजीबुल्लाह जदरान, मोहम्मद कबी, करीम जन्नत, अजमतुल्लाह उमरजई, शराफुद्दीन अशरफ, मुजीबुर रहमान, फजलहक फारूकी, फरीद अहमद, नवीनुल हक, नूर अहमद, मोहम्मद सलीम, कैस अहमद, गुलबदन नायब, राशिद खान ।

मैच का समय : शाम सात बजे से ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Delhi Metro Advisory: सुप्रीम कोर्ट मार्च के चलते राजीव चौक समेत 6 मेट्रो स्टेशनों के गेट बंद; सुबह 6 से शाम 4 बजे तक एंट्री-एग्जिट पर पाबंदी, इंटरचेंज रहेगा चालू

India vs West Indies, 3rd T20I Match Scorecard: इंदौर में टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के सामने रखा 224 रनों का लक्ष्य, अभिषेक शर्मा ने खेली तूफानी पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

Pakistan vs Sri Lanka, 2nd T20I Match Scorecard: रावलपिंडी में पाकिस्तान ने श्रीलंका के सामने रखा 216 रनों का लक्ष्य, माज़ सादाकत ने खेली 96 रनों की विस्फोटक पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, 3rd T20I Match Live Score Update: इंदौर में टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा है सीरीज का तीसरा मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट