देश की खबरें | आईयूएमएल पर अपने बयान से पलटे ई पी जयराजन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केरल में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के नवनियुक्त संयोजक ई. पी. जयराजन ने इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के संबंध में की गयी टिप्पणी से पलटते हुए आज कहा कि किसी ने यूडीएफ गठबंधन की प्रमुख सहयोगी मुस्लिम लीग को एलडीएफ खेमे में आमंत्रित नहीं किया।

तिरूवनंतपुरम, 21 अप्रैल केरल में वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) के नवनियुक्त संयोजक ई. पी. जयराजन ने इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के संबंध में की गयी टिप्पणी से पलटते हुए आज कहा कि किसी ने यूडीएफ गठबंधन की प्रमुख सहयोगी मुस्लिम लीग को एलडीएफ खेमे में आमंत्रित नहीं किया।

इससे पहले भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के राज्य सचिव कनम राजेंद्रन ने बृहस्पतिवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि एलडीएफ ने अब तक अपने जनाधार के विस्तार या इसमें आईयूएमएल को शामिल करने के बारे में कोई चर्चा नहीं की है और इसलिए जयराजन की टिप्पणियों को उनके व्यक्तिगत विचार के रूप में देखा जाना चाहिए।

जयराजन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘किसी ने आईयूएमएल को एलडीएफ गठबंधन में आमंत्रित नहीं किया है। लीग को आमंत्रित करने जैसी कोई स्थिति नहीं है। हम 90 से 99 पर पहुंच गये हैं।’’

वह 2021 के विधानसभा चुनाव में एलडीएफ गठबंधन को मिली सीटों की संख्या का जिक्र कर रहे थे।

राजेंद्रन ने कहा कि पहले एलडीएफ का रुख था कि जो पार्टियां इसे छोड़कर चली गयी हैं, वे वापस आएं लेकिन यह उन पर निर्भर था जिन्होंने इसे छोड़ा था। उन्होंने कहा कि आईयूएमएल नेता पी. के. कुन्हालीकुट्टी ने जयराजन की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि लीग संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के प्रमुख भागीदार के तौर पर काम कर रही है।

मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता ए विजयराघवन का रुख भी राजेंद्रन के समान ही दिखा। उन्होंने जयराजन की टिप्पणी को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में संवाददाताओं से कहा कि माकपा ने मुस्लिम लीग पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है और अब तक इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है।

जयराजन ने बुधवार को कहा था कि कांग्रेस केरल में मुस्लिम लीग के समर्थन के बिना एक भी सीट नहीं जीत पाएगी और राज्य के कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में मुस्लिम लीग का महत्वपूर्ण ‘वोट बैंक’ है।

यह पूछे जाने पर कि क्या यूडीएफ से बाहर निकलने पर मुस्लिम लीग को एलडीएफ में समायोजित किया जाएगा, जयराजन ने कहा, “पहले उन्हें आने दें।” इसके साथ ही उन्होंने कहा कि “एलडीएफ और उसके जनाधार का विस्तार करना हमारी नीति है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\