देश की खबरें | राष्ट्रीय शिक्षण सप्ताह के चार दिनों में कर्मचारियों ने 7.5 लाख से अधिक ऑनलाइन पाठ्यक्रम पूरे किए
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय शिक्षण सप्ताह के पहले चार दिन में 'इंटीग्रेटेड ऑनलाइन ट्रेनिंग’ (आईजीओटी) मंच का उपयोग कर कर्मचारियों ने 7.5 लाख से अधिक पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरे किए। कार्मिक मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 24 अक्टूबर राष्ट्रीय शिक्षण सप्ताह के पहले चार दिन में 'इंटीग्रेटेड ऑनलाइन ट्रेनिंग’ (आईजीओटी) मंच का उपयोग कर कर्मचारियों ने 7.5 लाख से अधिक पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरे किए। कार्मिक मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 19 अक्टूबर को 'कर्मयोगी सप्ताह' या राष्ट्रीय शिक्षण सप्ताह (एनएलडब्ल्यू) का आरंभ किया।
मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "केवल चार दिन में आईजीओटी मंच पर 7,50,000 से अधिक पाठ्यक्रम सफलतापूर्वक पूरे किए गए जो निरंतर सीखने और पेशेवर विकास के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।"
इसमें कहा गया, ‘‘इस कार्यक्रम में बढ़ रही भागीदारी, कौशल विकास और सार्वजनिक सेवा में मांगों के अनुरूप आगे रहने की लोक सेवकों की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।’’
मंत्रालय ने कहा कि जैसे-जैसे एनएलडब्ल्यू गति पकड़ रहा है, भारत और विश्व के अग्रणी लोग ज्ञान और विकास की सीमाओं को आगे बढ़ाने के लिए उत्साही भारतीय शिक्षार्थियों के साथ एकजुट हो रहे हैं।
मुख्य आकर्षण 'सामूहिक चर्चा' में 33 मंत्रालयों की भागीदारी थी जिससे सहयोग और सामूहिक शिक्षा को बढ़ावा मिला।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में भी चर्चा (सामूहिक चर्चा) आयोजित की गई और इसका नेतृत्व कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने किया।
बयान में कहा गया कि सत्र में राष्ट्र की प्रगति में साझा ज्ञान के महत्व को रेखांकित किया गया। नंदन नीलेकणी, राघव कृष्ण और पुनीत चंडोक जैसे प्रभावशाली विचारकों ने महत्वपूर्ण विषयों पर वैश्विक दृष्टिकोण साझा करते हुए प्रेरक ‘वेबिनार’ प्रस्तुत किए।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)