देश की खबरें | दिल्ली नगर निगम के महापौर का चुनाव 30 जनवरी को होने की संभावना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के महापौर का चुनाव 30 जनवरी को होने की संभावना है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 11 जनवरी दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के महापौर का चुनाव 30 जनवरी को होने की संभावना है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि निगम सचिव के कार्यालय से इस तारीख का प्रस्ताव पत्र बुधवार को दिल्ली के उपराज्यपाल को भेजे जाने की उम्मीद है। महापौर का चुनाव पहले 6 जनवरी को होना था, जब 250 वार्ड के लिए चार दिसंबर को हुए चुनाव के बाद सदन की पहली बैठक हुई थी।
हालांकि, सदन की कार्यवाही अव्यवस्था और हंगामे का शिकार हो गई क्योंकि आम आदमी पार्टी (आप) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पार्षद एक-दूसरे से भिड़ गए। उनके बीच बहस हुई और 10 एल्डरमैन को शपथ दिलाने पर हाथापाई हुई। इससे महापौर और उप महापौर का चुनाव किए बिना सदन स्थगित हो गया।
एमसीडी के अधिकारियों के अनुसार, यह निगम के इतिहास में पहली बार था कि नवनिर्वाचित सदन अपनी पहली बैठक में महापौर और उप महापौर का चुनाव करने में विफल रहा। एक आधिकारिक सूत्र ने कहा, ‘‘हमने सदन के नए सत्र को आयोजित करने के लिए एक नयी तारीख का प्रस्ताव दिया है, जिसके दौरान महापौर का चुनाव किया जाना है। इस प्रस्तावित तारीख की मंजूरी के लिए पत्र आज उपराज्यपाल कार्यालय को भेजे जाने की संभावना है।’’
आप नेताओं और पार्षदों ने आरोप लगाया था कि निर्वाचित पार्षदों के समक्ष एल्डरमैन को शपथ दिलाने का निर्णय उन्हें मतदान का अधिकार दिलाने के लिए भाजपा की ‘‘चाल’’ थी। पार्टी ने पूर्व में यह भी आरोप लगाया था कि उपराज्यपाल ने निगम मामलों के विशेषज्ञों के बजाय भाजपा के लोगों को एल्डरमैन के रूप में नियुक्त किया था।
महापौर के चुनाव के लिए निर्वाचक मंडल में 250 निर्वाचित पार्षद, दिल्ली से सात लोकसभा और तीन राज्यसभा सदस्य तथा 14 विधायक शामिल हैं। दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष ने सदन में आप के 13 और भाजपा के एक सदस्य को मनोनीत किया है। महापौर चुनावों में कुल वोट 274 हैं। संख्या आप के पक्ष में है, जिसके पास भाजपा के 113 के मुकाबले 150 वोट हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)