देश की खबरें | मिजोरम में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए निर्वाचन आयोग का दल पहुंचा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारत निर्वाचन आयोग का 20 सदस्यीय दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में मिजोरम में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए तीन दिवसीय दौरे पर मंगलवार को आइजोल पहुंचा। एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी।

आइजोल, 29 अगस्त भारत निर्वाचन आयोग का 20 सदस्यीय दल मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार के नेतृत्व में मिजोरम में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करने के लिए तीन दिवसीय दौरे पर मंगलवार को आइजोल पहुंचा। एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गयी।

इस प्रतिनिधिमंडल में कुमार के अलावा निर्वाचन आयुक्त अनूप चंद्र पांडेय और अरुण गोयल, वरिष्ठ उप निर्वाचन आयुक्त नीतेश व्यास, उप निर्वाचन आयुक्त हिरदेश कुमार और 12 अन्य अधिकारी हैं।

आयोग के दल ने आइजोल पहुंचकर राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कीं।

आधिकारिक वक्तव्य के अनुसार इस दल ने कानून प्रवर्तन एजेंसियों, मिजोरम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राज्य पुलिस नोडल अधिकारी और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल के अधिकारियों के साथ भी निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव कराने के संदर्भ में बातचीत की।

प्रतिनिधिमंडल बुधवार को मुख्य सचिव रेणु शर्मा और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अनिल शुक्ला से भी मुलाकात करेगा।

निर्वाचन आयोग का दल राज्य की प्रमुख शख्सियतों, दिव्यांग मतदाताओं और युवाओं से भी बातचीत करेगा।

आयोग का दल बुधवार को संवाददाता सम्मेलन भी संबोधित करेगा।

मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, मिजोरम और राजस्थान में अक्टूबर तथा नवंबर में विधानसभा चुनाव हो सकते हैं। आयोग ने छत्तीसगढ़ में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के लिए पिछले सप्ताह राज्य का दौरा किया था।

मिजोरम की विधानसभा का कार्यकाल इस साल 17 दिसंबर को समाप्त हो रहा है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\