भुवनेश्वर, 26 मार्च ओडिशा में वर्ष 2023 के मुकाबले 2024 में बलात्कार के मामलों में वृद्धि हुई है और हत्या के मामलों में कमी आई है। राज्य के गृह विभाग द्वारा जारी श्वेत पत्र में यह जानकारी दी गई है।
श्वेत पत्र के अनुसार राज्य में वर्ष 2024 में बलात्कार के 3,054 मामले और हत्या के 1,258 मामले दर्ज किए गए जबकि 2023 में ओडिशा के विभिन्न पुलिस थानों में बलात्कार के 2,826 और हत्या के 1,362 मामले दर्ज किए गए थे।
इसके मुताबिक बलात्कार के मामलों में आठ प्रतिशत की वृद्धि हुई है जबकि हत्या के मामलों में 7.6 प्रतिशत की कमी आई है।
श्वेत पत्र के मुताबिक वर्ष 2024 में कुल 2,14,113 संज्ञेय मामले दर्ज किए गए, जिनमें 1,258 हत्या, 356 डकैती, 2,582 लूट, 6,408 सेंधमारी, 17,805 चोरी, 6,307 ठगी, 1,471 दंगा, 3,054 बलात्कार, 12,375 मोटर वाहन दुर्घटना और 1,62,497 अन्य विविध मामले शामिल हैं।
विधानसभा में बुधवार को गृह विभाग के बजट पर चर्चा से पहले श्वेत पत्र विधानसभा के सदस्यों के बीच वितरित किया गया।
श्वेतपत्र के मुताबिक पुलिस ने जांच में पाया कि 2,07,204 संज्ञेय मामले सत्य हैं, जिनमें से 1,39,001 मामलों में आरोपपत्र दाखिल किए जा चुके हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक बलात्कार के 3,054 पंजीकृत मामलों में से पुलिस ने जांच के दौरान 2,986 मामलों को सही पाया और 1,948 मामलों में आरोप पत्र दाखिल किए।
रिपोर्ट के मुताबिक ओडिशा पुलिस और प्रशासन की कड़ी कार्रवाई की वजह से वर्ष 2024 में वामपंथी उग्रवाद (एलडब्ल्यूई) गतिविधियों में कमी आई है। इसमें कहा गया कि 2023 में वामपंथी उग्रवाद की नौ घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि पिछले साल ऐसी केवल चार घटनाएं दर्ज की गईं।
वर्ष 2024 में एलडब्ल्यूई घटनाओं में केवल एक असैन्य नागरिक की मौत हुई जबकि ऐसी घटनाओं में 2023 में तीन लोगों की जान गई थी।
श्वेतपत्र के मुताबिक ओडिशा में पिछले वर्ष 154.45 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी से जुड़े कुल 2,501 साइबर अपराध दर्ज किए गए और पुलिस ने इन मामलों में संलिप्त पाए गए 581 लोगों को गिरफ्तार किया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY