देश की खबरें | ऑनलाइन ठगी में शामिल आठ लोग गिरफ्तार; इंदौर में कॉल सेंटर का भंडाफोड़

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. नवी मुंबई पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर लोगों को ठगने के आरोप में एक गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनकी गतिविधियों में मदद करने वाले इंदौर के एक कॉल सेंटर का भी भंडाफोड़ किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

ठाणे, 14 जून नवी मुंबई पुलिस ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर लोगों को ठगने के आरोप में एक गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है और उनकी गतिविधियों में मदद करने वाले इंदौर के एक कॉल सेंटर का भी भंडाफोड़ किया है। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (जोन द्वितीय पनवेल) विवेक पानसरे ने संवाददाताओं को बताया कि एक व्यक्ति ने शिकायत करके आरोप लगाया था कि 18 मार्च से 17 अप्रैल की बीच शेयर कारोबार में अच्छे लाभ का लालच देकर आरोपियों ने उससे 21.71 लाख रुपये ठग लिए जिसके बाद मामले की जांच शुरू की गई।

उन्होंने कहा, “ पीड़ित को एक ऐप के माध्यम से शेयर बाजार में निवेश करने के लिए कहा गया था। कामोठे थाने में भारतीय दंड संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। बाद में मामला पनवेल पुलिस के ईएमसी साइबर प्रकोष्ठ को स्थानांतरित कर दिया गया।"

अधिकारी ने बताया कि वरिष्ठ निरीक्षक दीपाली पाटिल के नेतृत्व में जांच दल ने बैंक लेनदेन समेत विभिन्न सुरागों पर काम किया और बेंगलुरु तथा इंदौर में जाल बिछाकर आठ लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

अधिकारी ने बताया कि (मध्य प्रदेश के) इंदौर में एक कॉल सेंटर पर भी छापा मारा गया, जहां से आरोपी शेयर बाजार में निवेश के नाम पर ठगी करने का गिरोह चला रहे थे।

उन्होंने कहा, “हमने 14 लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। हमें पता चला है कि आरोपी शुभम कुमार और आशीष कुमार प्रसाद ने इस तरह की धोखाधड़ी के लिए 25 से अधिक फर्जी वेबसाइट बनाई थीं।"

पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्यों पर बेंगलुरु, तेलंगाना के साइबराबाद, टी नगर (तमिलनाडु), जयपुर (राजस्थान) के साथ-साथ नवी मुंबई और पुणे में दर्ज इसी तरह के मामलों में भी शामिल होने का संदेह है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\