देश की खबरें | पंजाब, हरियाणा में भव्य दशहरा उत्सव के दौरान रावण के पुतले का दहन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में शनिवार को दशहरा उत्सव के दौरान रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया।

चंडीगढ़, 12 अक्टूबर पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में शनिवार को दशहरा उत्सव के दौरान रावण, कुंभकरण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया।

पंजाब के लुधियाना, जालंधर, पटियाला, अमृतसर और मोहाली, हरियाणा के पंचकूला, करनाल, रोहतक और अंबाला तथा दोनों राज्यों की साझा राजधानी चंडीगढ़ सहित अन्य स्थानों पर आम जनता और नेताओं ने उत्सव में हिस्सा लिया।

लुधियाना में मुख्य आकर्षण 125 फुट ऊंचा रावण का पुतला रहा, जबकि पंचकूला में 155 फुट ऊंचे पुतले ने भी सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया।

पंजाब और हरियाणा के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षित तरीके से दशहरा उत्सव मनाने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई।

पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने कहा, ‘‘मैं दशहरा के शुभ अवसर पर पंजाब और चंडीगढ़ के लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं। देश भर में दशहरा धर्म की स्थापना और विजया दशमी के रूप में मनाया जाता है, जो बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है।’’

हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने राज्य के लोगों को शुभकामनाएं देते हुए ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘यह पावन पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है और हमें अपने जीवन में सत्य, धर्म और नैतिकता के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। आशा है कि यह त्योहार आपके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाए। विजयादशमी के इस अवसर पर, आप सभी नागरिकों की खुशहाली और प्रगति की कामना करता हूं।’’

अमृतसर में दशहरा समारोह में शामिल हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में कहा, ‘‘बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक दशहरा के पवित्र पर्व पर सभी को बधाई। आइए हम अच्छाई और सच्चाई के मार्ग पर चलने का संकल्प लें और अपने समाज तथा जीवन से बुराई को खत्म करने के लिए मिलकर काम करें।’’

हरियाणा के निवर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी दशहरा के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\