देश की खबरें | ईडी एवं अन्य एजेंसियों का इस्तेमाल भाजपा विरोधी आवाज को दबाने के लिए किया जा रहा है: पटोले
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने बृहस्पतिवार को कहा कि भाजपा एवं केंद्र के विरूद्ध उठने वाली हर आवाज को ‘कुचलने’ के लिए ईडी एवं अन्य जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है, इसलिए उच्चतम न्यायालय एवं बंबई उच्च न्यायालय को इन सरकारी निकायों के ‘बढ़ते दुरूपयोग’ को रोकने के लिए दखल देना चाहिए।
मुम्बई, 31 मार्च कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने बृहस्पतिवार को कहा कि भाजपा एवं केंद्र के विरूद्ध उठने वाली हर आवाज को ‘कुचलने’ के लिए ईडी एवं अन्य जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है, इसलिए उच्चतम न्यायालय एवं बंबई उच्च न्यायालय को इन सरकारी निकायों के ‘बढ़ते दुरूपयोग’ को रोकने के लिए दखल देना चाहिए।
एक बयान के अनुसार पटोले ने केंद्र द्वारा जांच एजेंसियों के ‘दुरूपयोग’ की ‘अघोषित आपातकाल’ से तुलना की।
उन्होंने ऐसे समय में यह बयान दिया है जब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने नागपुर के वकील सतीश उके के घर पर बृहस्पतिवार को ही छापा मारा। उके ने पिछले कुछ सालों में वरिष्ठ भाजपा नेता देवेंद्र फड़णवीस के विरूद्ध कई याचिकाएं दायर की हैं।
पटोले ने अपने फोन की कथित टैपिंग को लेकर पूर्व राज्य खुफिया प्रमुख आईपीएस अधिकारी एवं अन्य के विरूद्ध दीवानी अदालत में 500 करोड़ रूपये का मानहानि संबंधी मुकदमा दर्ज कर रखा है और इस मामले में उके पटोले का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
पटोले ने कहा कि यदि ईडी अब उनके विरूद्ध कार्रवाई करने जा रही है तो वह उसका ‘स्वागत करने को ’ तैयार हैं। उन्होंने बयान में कहा, ‘‘भाजपा एवं केंद्र के विरूद्ध उठने वाली आवाज को कुचलने के लिए ईडी जैंसी एजेंसियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। यह केंद्र का अघोषित आपातकाल है। उच्चतम न्यायालय एवं बंबई उच्च नयायालय को यह सुनिश्चित करने के लिए दखल देना चाहिए कि लोकतांत्रिक व्यवस्था बनी रहे एवं केंद्रीय जांच एजेंसियों का दुरूपयोग रूके। ’’
पटोले की पार्टी कांग्रेस महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ गठबंधन महा विकास अघाड़ी की घटक है।
पटोले ने कहा कि उके मानहानि के मुकदमे में उनका प्रतिनिधित्व कर रहे हैं इसलिए इन वकील की आवाज को ‘दबाने’ के लिए कार्रवाई की गयी है। उन्होंने कहा कि जो कोई भी केंद्र की भाजपा नीत सरकार के विरूद्ध बोलता है, उसके विरूद्ध ईडी जैसी एजेंसियों के मार्फत ‘फर्जी मामले’ दर्ज कर दिये जाते हैं।
उन्होंने कहा कि अन्य अपराधों के साथ साथ ड्रग संबंधी अंतरराष्ट्रीय धनशोधन एवं आतंकी वित्तपोषण के मामलों में कार्रवाई के लिए ईडी बनायी गयी थी लेकिन वह मूल लक्ष्य से ‘भटक’ गयी है । उन्होंने दावा किया कि केंद्रीय एजेंसियां केंद्र सरकार के हाथों की ‘कठपुतलियां’ बन गयी हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)