देश की खबरें | पूर्वी दिल्ली के अस्पताल में आग लगी, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में स्थित एक निजी अस्पताल में रविवार रात शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 31 मार्च पूर्वी दिल्ली के लक्ष्मी नगर इलाके में स्थित एक निजी अस्पताल में रविवार रात शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।

अधिकारी ने बताया कि रविवार देर रात 11:42 बजे लगी आग में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

उन्होंने बताया कि दमकल की चार गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं।

अधिकारियों ने बताया कि आग 'एयर कंडीशनर' और अस्पताल के बिस्तर में लगी थी, जिसे तुरंत बुझा दिया गया। कुछ मरीजों को तुरंत बाहर निकाला गया। ढाई साल के मरीज रियांश के परिजनों ने उसे नोएडा के कैलाश अस्पताल में स्थानांतरित कराया।

पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में पीसीआर कॉल रात करीब 12:04 बजे प्राप्त हुई।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "आग रात करीब 11:30 बजे भूतल पर मुख्य आपातकालीन क्षेत्र से सटे एक खाली कमरे में लगी। कमरे में कुछ फाइलें और बिस्तर थे।"

अधिकारी के अनुसार, आपातकालीन वार्ड में कोई मरीज नहीं था, जबकि तीन मरीज प्रथम तल पर आईसीयू में थे।

रियांश के रिश्तेदार ने संवाददाताओं को बताया कि वह वेंटिलेटर पर था और आग लगने से कुछ घंटे पहले उसे अस्पताल रेफर किया गया था।

उन्होंने कहा, "जैसे ही हमें पता चला कि आग लगी है, हम रियांश की हालत देखने पहुंचे। वह सुरक्षित था, लेकिन हम उसे ऐसे माहौल में यहां नहीं रख सकते थे, इसलिए हमने उसे दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया।"

पुलिस ने बताया कि नुकसान का आकलन करने के लिए जांच जारी है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\