खेल की खबरें | डकेट और क्रॉली के अर्धशतक, इंग्लैंड ने दो विकेट पर 225 रन बनाए

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. कप्तान बेन स्टोक्स (72 रन पर पांच विकेट) ने आठ साल में पहली बार पांच विकेट चटकाकर भारत को 358 रन पर समेटा जिसके बाद बेन डकेट और जैक क्रॉली ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करके इंग्लैंड को पहली पारी में दो विकेट पर 225 रन तक पहुंचाकर चौथे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन मेजबान टीम का पलड़ा भारी रखा।

मैनचेस्टर, 24 जुलाई कप्तान बेन स्टोक्स (72 रन पर पांच विकेट) ने आठ साल में पहली बार पांच विकेट चटकाकर भारत को 358 रन पर समेटा जिसके बाद बेन डकेट और जैक क्रॉली ने पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी करके इंग्लैंड को पहली पारी में दो विकेट पर 225 रन तक पहुंचाकर चौथे क्रिकेट टेस्ट के दूसरे दिन मेजबान टीम का पलड़ा भारी रखा।

डकेट ने 100 गेंद में 13 चौकों की मदद से 94 रन की पारी खेलने के अलावा क्रॉली (84) के साथ पहले विकेट के लिए 166 रन की साझेदारी करते हुए भारतीय गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाकर इंग्लैंड को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने भारतीय तेज गेंदबाजों की दिशाहीन गेंदबाजी का पूरा फायदा उठाया और इस दौरान ‘बैजबॉल’ (हर हाल में आक्रामक होकर बल्लेबाजी करना) की झलक भी दिखाई जिसके लिए टीम मशहूर है।

दिन का खेल खत्म होने पर ओली पोप 20 जबकि जो रूट 11 रन बनाकर खेल रहे थे।

इंग्लैंड अब भारत के पहली पारी के 358 रन के स्कोर से सिर्फ 133 रन पीछे है जबकि उसके आठ विकेट शेष हैं।

स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर (73 रन पर तीन विकेट) ने दूसरे दिन बेहतर गेंदबाजी करते हुए भारत को 358 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। ऋषभ पंत ने पैर में फ्रैक्चर के बावजूद 75 गेंद में 54 रन की पारी खेली। उन्हें चलने में परेशानी हो रही थी लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अर्धशतक पूरा किया। शारदुल ठाकुर (41 रन, 88 गेंद) ने भी जुझारू पारी खेलकर भारत का स्कोर 350 रन के पार पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

भारतीय तेज गेंदबाजों ने अच्छी शुरुआत नहीं की और दिशाहीन गेंदबाजी की।

पदार्पण कर रहे तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज (48 रन पर एक विकेट) अपने शुरुआती दो स्पैल में विकेट हासिल नहीं कर पाए जबकि अनुभवी जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज भी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सके।

क्रॉली ने धीमी शुरुआत के बाद लय हासिल की और कुछ आकर्षक शॉट खोले।

डकेट ने शारदुल की गेंद पर दो रन के साथ सिर्फ 46 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जबकि क्रॉली ने भी इसी गेंदबाज पर चौके के साथ 73 गेंद में अर्धशतक जड़ा।

क्रॉली ने रविंद्र जडेजा (37 रन पर एक विकेट) का स्वागत छक्के और चौके के साथ किया लेकिन फिर बाएं हाथ के इसी स्पिनर की गेंद पर स्लिप में लोकेश राहुल को कैच देकर पवेलियन लौट गए। उन्होंने 113 गेंद की अपनी पारी में 13 चौके और एक छक्का मारा।

डकेट और ओली पोप ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया।

डकेट को अति आक्रामकता का खामियाजा भुगतना पड़ा जब वह कंबोज की शॉर्ट और बाहर की गेंद से छेड़छाड़ की कोशिश में विकेटकीपर ध्रुव जुरेल को कैच थमा बैठे जो पंत की जगह विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। यह कंबोज का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पहला विकेट है।

पोप और रूट ने हालांकि इसके बाद दिन का खेल खत्म होने तक भारतीय गेंदबाजों को सफलता से महरूम रखा।

इससे पहले पंत ने चलने में हो रही परेशानी के बावजूद 75 गेंद में 54 रन की पारी खेली।

पंत ने आर्चर की धीमी गेंद पर मिडविकेट और स्क्वायर लेग के बीच से छक्का जड़ा और फिर स्टोक्स को कवर के ऊपर से चौका लगाकर यादगार अर्धशतक पूरा किया। इस पारी के लिए खचाखच भरे स्टेडियम में दर्शकों ने खड़े होकर तालियां बजाई गईं। आर्चर ने आखिरकार जब पंत को बोल्ड किया तो विरोधी टीम ने भी उनकी साहसिक पारी के महत्व को स्वीकारा और जो रूट ने उनकी पीठ थपथपाई।

स्टोक्स ने कंबोज को विकेट के पीछे कैच कराकर पारी में पांच विकेट पूरे किए जबकि आर्चर ने जसप्रीत बुमराह को विकेटकीपर जेमी स्मिथ के हाथों कैच कराके भारत की पारी का अंत किया।

भारत ने दिन की शुरुआत चार विकेट पर 264 रन से की। आसमान में छाए बदलों के बीच इंग्लैंड के तेज गेंदबाजों विशेषकर आर्चर की गेंद काफी सीम और स्विंग कर रही थी। आर्चर को उनके शुरुआती स्पेल में अधिकांश समय बल्लेबाजों को खेलने में काफी परेशानी हुई।

स्टोक्स की गुड लेंथ की कुछ गेंदों ने काफी उछाल हासिल किया जिससे बल्लेबाजों की मुश्किलों और बढ़ गईं।

इंग्लैंड ने दिन की शुरुआत में ही नई गेंद ली और क्रिस वोक्स को थमाई लेकिन मेजबान टीम को शुरुआती सफलता आर्चर के अगले ओवर में मिली।

फॉर्म में चल रहे रविंद्र जडेजा (20 रन) आर्चर की लेग साइड पर टप्पा खाकर बाहर की ओर मूव होती गेंद पर दूसरी स्लिप में हैरी ब्रूक को कैच दे बैठे।

गेंदबाजों को मिल रही मदद के बीच शारदुल (41 रन, 88 गेंद) ने आक्रामक रुख अपनाया और वोक्स को कवर क्षेत्र में बैकफुट पर शानदार चौका जड़ दिया।

कुछ मिनट बाद शारदुल ने स्टोक्स की फुल लेंथ गेंद को कवर क्षेत्र से चार रन के लिए भेजा।

स्टोक्स ने आखिरकार ऑलराउंडर शारदुल को ड्राइव करने के लिए उकसाकर गली में डकेट के हाथों कैच करा दिया।

मैदान पर मौजूद सभी लोगों को यह देखकर हैरानी हुई कि शारदुल के आउट होने के बाद पंत लंगड़ाते हुए बल्लेबाजी के लिए आए और सभी ने खड़े होकर उनका अभिवादन किया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

New Zealand vs India, 3rd T20I Match Live Scorecard Update: वेलिंगटन में सीरीज पर कब्जा जमाने के इरादे से उतरी है टीम इंडिया, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Team India vs New Zealand T20I Stats At Henry Stadium: वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में कुछ ऐसा रहा है टीम इंडिया और न्यूजीलैंड का प्रदर्शन, इन बल्लेबाजों और गेंदबाजों ने मचाया धमाल; यहां जानें इस मैदान के दिलचस्प आंकड़े और अहम जानकारी

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? वेलिंगटन में न्यूजीलैंड बनाम भारत के तीसरे टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

India vs New Zealand 3rd T20I Match Toss Winner Prediction: वेलिंगटन में टीम इंडिया बनाम न्यूजीलैंड के बीच कौन होगा टॉस का बॉस? मैच से पहले जानें किस टीम का पलड़ा है भारी