Jaipur Hit and Run Case: नशे में धुत कांग्रेस नेता ने एसयूवी से पैदल यात्रियों और वाहनों को मारी टक्कर, 3 की मौत; छह घायल

जयपुर के एक भीड़ भाड़ इलाके में सोमवार रात नशे में धुत एक व्यक्ति ने तेज गति से वाहन चलाते हुए कई पैदल यात्रियों और वाहनों को टक्कर मार दी जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. मामले ने बाद में राजनीतिक रूप ले लिया.

जयपुर, 8 अप्रैल : जयपुर के एक भीड़ भाड़ इलाके में सोमवार रात नशे में धुत एक व्यक्ति ने तेज गति से वाहन चलाते हुए कई पैदल यात्रियों और वाहनों को टक्कर मार दी जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. मामले ने बाद में राजनीतिक रूप ले लिया. कांग्रेस ने जहां वाहन चालक को जिला उपाध्यक्ष पद से हटा दिया वहीं भाजपा ने आरोप लगाया कि विपक्षी पार्टी में आपराधिक प्रवृति वाले लोग भरे हुए हैं. पुलिस ने मंगलवार को बताया कि वाहन को कथित रूप से नशे में धुत एक फैक्ट्री मालिक और कांग्रेस का जिला उपाध्यक्ष उस्मान खान चला रहा था. कांग्रेस के प्रवक्ता ने बताया कि पार्टी ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंगलवार को उसे पार्टी से निकाल दिया और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए जिला प्रशासन को ज्ञापन दिया है. इस बीच, स्थानीय लोग नाहरगढ़ थाने में एकत्र हुए और पीड़ित परिवार के सदस्यों को आर्थिक मुआवजा, नौकरी और अन्य मदद देने की मांग को लेकर प्रदर्शन करते हुए चारदीवारी वाले पुराने शहर में सड़कें अवरुद्ध की.

भाजपा विधायक बालमुकुंद आचार्य ने संवाददाताओं से कहा, " भाजपा और सरकार पीड़ित परिवारों के साथ है. कांग्रेस पदाधिकारी और कांग्रेस विधायक अमीन कागजी के करीबी सहयोगी ने एमआई रोड से नाहरगढ़ रोड तक लोगों पर कार चढ़ा दी. यह संभव है कि उसने जानबूझकर हमारे लोगों को चोट पहुंचाई हो. तीन लोगों की मौत हो गई और कुछ लोग अपनी जिंदगी के लिए संघर्ष कर रहे हैं." उन्होंने कहा, "पीड़ितों को मुआवजा मिलेगा और आरोपी को कानून के मुताबिक सख्त सजा दी जाएगी." वहीं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने 'एक्स' पर लिखा,‘‘जयपुर में एक कार चालक द्वारा तेज रफ़्तार में कई लोगों को कुचलने की घटना अत्यंत दु:खद और दुर्भाग्यपूर्ण है. दुर्घटना में अपनों को खोने वालों के प्रति मेरी गहरी संवेदना है. नशे की हालत में ऐसे कुकृत्य करने वाले अपराधियों पर सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.’’ यह भी पढ़े : भाजपा नेता आवास पर विस्फोट मामले में दो लोग गिरफ्तार; आईएसआई एवं बिश्नोई शामिल: पुलिस

यह घटना सोमवार रात को हुई और अनियंत्रित कार एमआई रोड से नाहरगढ़ पुलिस थाना इलाके की संकरी गलियों में लगभग सात किलोमीटर तक दौड़ती रही. इस दौरान इस वाहन ने कई लोगों को टक्कर मारी और खड़ी गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया. हालांकि बाद में वाहन को रोककर चालक को पकड़ लिया गया. अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बजरंग सिंह शेखावत ने कहा कि एसयूवी को शास्त्री नगर की राणा कॉलोनी का रहने वाला उस्मान खान (62) चला रहा था और घटना के समय नशे में था. शेखावत ने कहा, "उसका एसयूवी पर नियंत्रण नहीं रहा और वह नाहरगढ़ थाने के पास लगभग 500 मीटर तक जो भी सामने आया, उसको टक्कर मारता चला गया.’’ पुलिस ने बताया कि कार चालक ने पहले संतोषी माता मंदिर के पास एक स्कूटी-बाइक को टक्कर मारी और फिर सड़क पर गिरे लोगों को कुचलते हुए आगे निकल गया. रास्ते में कई लोगों और वाहनों को टक्कर मार दी. कार थाने के बाहर खड़े वाहनों से भी टकराई.

पुलिस और स्थानीय लोगों ने कार को तब रोका जब वह मुख्य दुर्घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर एक संकरी गली में फंस गई. कार चालक को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया. हादसे में घायल हुए लोगों में वीरेंद्र सिंह (48), ममता कंवर (50), मोनेश सोनी (28), मोहम्मद जलालुद्दीन (44), दीपिका सैनी (17), विजय नारायण (65), जेबुन्निशा (50), अंशिका (24) और अवधेश पारीक (37) शामिल हैं. सभी को सवाई मान सिंह (एसएमएस) अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने ममता कंवर और अवधेश पारीक को मृत घोषित कर दिया.

मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान वीरेंद्र सिंह की मौत हो गई.

अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि कई घायलों की हालत गंभीर है और उन्हें एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा वार्ड में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने बताया कि उस्मान खान विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र में लोहे के बेड बनाने वाली फैक्ट्री का मालिक है. मेडिकल जांच में पुष्टि हुई है कि घटना के समय वह काफी नशे में था. पीड़िता ममता कंवर के पिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. घटना के बाद इलाके में रोष फैल गया और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए नाहरगढ़ रोड और आसपास के इलाकों में चार थानों की पुलिस तैनात की गई. राजस्थान कांग्रेस के प्रवक्ता ने कहा कि खान को पार्टी से निकाल दिया गया है. साथ ही उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जिला प्रशासन को एक ज्ञापन सौंप कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है

Share Now

संबंधित खबरें

KKR vs RR, IPL 2026 28th Match Scorecard: ईडन गार्डन्स स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स को हराकर कोलकाता नाइट राइडर्स ने दर्ज की पहली जीत, रिंकू सिंह ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें मैच का स्कोरकार्ड

Rahul Gandhi Citizenship Case: राहुल गांधी नागरिकता विवाद मामला, इलाहाबाद HC कल सुनेगा कांग्रेस नेता का पक्ष, FIR के आदेश पर फिलहाल रोक

KKR vs RR, IPL 2026 28th Match Scorecard: ईडन गार्डन्स स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने रखा 156 रनों का टारगेट, वैभव सूर्यवंशी ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

KKR vs RR, IPL 2026 28th Match Live Score Update: ईडन गार्डन्स स्टेडियम में कोलकाता नाइट राइडर्स बनाम राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जा रहा हैं रोमांचक मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट