देश की खबरें | डॉक्टरों, शिक्षकों को वेतन नहीं ; आरोपियों को बचाने के लिए जनता के पैसे का इस्तेमाल कर रही आप : भाजपा

नई दिल्ली, 11 जनवरी विपक्षी दल भाजपा ने अरविंद केजरीवाल सरकार पर आबकारी नीति से संबंधित मामलों में कानूनी लड़ाई लड़ने के लिए 25 करोड़ रूपये कानूनी फीस के रूप में खर्च करने को लेकर फटकार लगाई है।

भाजपा ने आरोप लगाया है कि सरकार के पास डॉक्टरों और शिक्षकों के वेतन के लिए कोई पैसा नहीं है लेकिन सरकारी खजाने से 25 करोड़ से भी अधिक रुपये का उपयोग घोटाले के आरोपियों को बचाने के लिए किया जा रहा है।

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया जैसे आरोपी मंत्री को बर्खास्त करने के बजाय, अरविंद केजरीवाल द्वारा उन्हें बचाने के लिए जनता के पैसे के इस्तेमाल से ज्यादा 'शर्मनाक' कुछ नहीं हो सकता।

उन्होंने कहा कि ‘आप’ को उनकी पार्टी के आरोप का 24 घंटे में जवाब देना चाहिए, नहीं तो ये माना जाएगा कि वह " एक नंबर के बेईमान" और "पापी" है। रिपोर्ट के अनुसार, आम आदमी पार्टी ने आबकारी नीति से संबंधित मामलों में वकीलों की कानूनी फीस पर 25 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए थे।

भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि मोहल्ला क्लीनिक में काम करने वाले कई डॉक्टरों, दिल्ली सरकार के तहत 12 कॉलेजों के शिक्षकों और डीटीसी बसों में मार्शलों के रूप में सुरक्षा के लिए तैनात 4,500 से अधिक होमगार्डों को वेतन नहीं दिया गया है। उन्होंने कहा, "केजरीवाल ने भी प्रचार पर करोड़ों खर्च किए हैं। सरकार भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए इतना पैसा क्यों खर्च कर रही है? आप को इसका खर्चा उठाना चाहिए।"

उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल शराब ठेकेदारों के हाथों की 'कठपुतली' बन गए हैं जो उनकी सरकार चला रहे हैं।

संवाददाता सम्मेलन में, भाजपा प्रवक्ता ने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव पर हाल ही में उत्तर प्रदेश पुलिस पर कटाक्ष करने के लिए भी निशाना साधा। अखिलेश ने उप्र पुलिस कार्यालय में उन्हें पेश की गई चाय पीने से इनकार कर दिया था और गुस्से में कहा था कि इसमें जहर हो सकता है। वह अपनी पार्टी के एक कार्यकर्ता की गिरफ्तारी के विरोध में वहां गए थे।

भाटिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री को यह नहीं भूलना चाहिए कि वही पुलिस कर्मी उन्हें सुरक्षा देते हैं।

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में, उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों और किसानों पर पुलिस द्वारा लाठीचार्ज करने के लिए बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि बिहार में "जंगल राज" कायम है।

साजन

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)