देश की खबरें | द्रमुक ने प्रतिशोध की राजनीति के लिए ईडी जैसी एजेंसियों के दुरुपयोग की निंदा की

चेन्नई, तीन मई तमिलनाडु में सत्तारूढ़ द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार की निंदा करते हुए कहा कि वह ‘‘प्रतिशोध की राजनीति’’ के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) जैसी केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। द्रमुक ने इसका कानूनी रूप से सामना करने तथा मुद्दे को जनता की अदालत में ले जाने का संकल्प जताया।

द्रमुक अध्यक्ष एवं तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन की अध्यक्षता में पार्टी के जिला सचिवों की बैठक में पार्टी ने एक प्रस्ताव पारित किया, जिसमें कहा गया, ‘‘जिला पार्टी सचिवों की यह बैठक केंद्र की भाजपा सरकार की कड़ी निंदा करती है, जो अघोषित आपातकाल की स्थिति उत्पन्न कर रही है।’’ द्रमुक ने इस स्थिति के लिए सत्ता के कथित दुरुपयोग को कारण के रूप में उल्लेखित किया।

द्रमुक ने दावा किया कि सत्ता का दुरुपयोग विपक्ष शासित राज्यों में आयकर और प्रवर्तन निदेशालय की छापेमारी के माध्यम से हुआ, जिसमें द्रमुक शासित तमिलनाडु भी शामिल है। साथ ही, द्रविड़ दल ने केंद्र सरकार द्वारा "न्यायपालिका सहित सभी स्वायत्त संस्थानों की स्वतंत्रता" का हनन करने का आरोप लगाया।

द्रमुक ने आरोप लगाते हुए कहा कि केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई), ईडी और कर विभाग को निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए लेकिन भाजपा सरकार के चलते इन संस्थानों को राजनीतिक प्रतिशोध को लेकर अदालतों की आलोचना झेलने को मजबूर होना पड़ा है।

इसके अलावा, द्रमुक ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने अन्नाद्रमुक जैसी पार्टियों को भाजपा के साथ गठबंधन करने के लिए डराने-धमकाने के लिए अपनी एजेंसियों का दुरुपयोग किया है।

तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी द्रमुक ने इस बात को रेखांकित किया कि दिल्ली उच्च न्यायालय और उच्चतम न्यायालय ने ऐसी केंद्रीय एजेंसियों में भ्रष्टाचार की कथित तौर पर निंदा की है। द्रमुक की बैठक में कहा गया कि वह ईडी जैसी केंद्रीय एजेंसियों द्वारा पार्टी के नेताओं के खिलाफ बदले की कार्रवाई का कानूनी रूप से साहस के साथ सामना करेगी।

इसके अलावा, बैठक में भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार द्वारा "सत्ता के दुरुपयोग" के बारे में लोगों को अवगत कराने का फैसला किया गया और चुनाव में भाजपा और उसके सहयोगियों से मुकाबला करने का संकल्प जताया गया। के. पोनमुडी और वी सेंथिल बालाजी सहित द्रमुक नेता अलग-अलग मामलों के सिलसिले में ईडी की जांच के घेरे में हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)