खेल की खबरें | किर्गियोस को हराकर जोकोविच सातवीं बार बने विंबलडन चैम्पियन

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Sports at LatestLY हिन्दी. शीर्ष वरीयता प्राप्त नोवाक जोकोविच ने पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए विंबलडन टेनिस के फाइनल में निक किर्गियोस को रविवार को यहां शिकस्त देकर इस टूर्नामेंट का अपना सातवां खिताब जीता।

विंबलडन, 10 जुलाई शीर्ष वरीयता प्राप्त नोवाक जोकोविच ने पहला सेट गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए विंबलडन टेनिस के फाइनल में निक किर्गियोस को रविवार को यहां शिकस्त देकर इस टूर्नामेंट का अपना सातवां खिताब जीता।

सर्बिया के इस खिलाड़ी ने 27 साल के ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ी पर 4-6, 6-3, 6-4, 7-6 से जीत दर्ज की।

घसियाले सतह पर खेले जाने वाले इस ग्रैंड स्लैम में जोकोविच ने लगातार 28वीं सफलता के साथ अपना 21वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीता, जो रिकॉर्ड धारक राफेल नडाल से एक कम है।

सबसे ज्यादा विंबलडन खिताब जीतने के मामले में भी वह रोजर फेडरर के बाद दूसरे स्थान पर है। दिग्गज फेडरर ने आठ विंबलडन खिताब जीते हैं।

ऑस्ट्रेलिया के किर्गियोस अपना पहला ग्रैंड स्लैम फाइनल खेल रहे थे। सेमीफाइनल में चोट के कारण नडाल ने उन्हें वॉकओवर दे दिया था।

रैंकिंग में 40वें स्थान पर काबिज किर्गियोस 2001 में गोरान इवानिसेविच के बाद पहले गैर वरीय चैम्पियन खिलाड़ी बनने की कोशिश रहे थे लेकिन जोकोविच के अनुभव का उनके पास कोई जवाब नहीं था।

खास बात यह है कि इवानिसेविच अब जोकोविच के कोच है और वह इस मैच के दौरान सेंटर कोर्ट में बतौर अतिथि मौजूद थे।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\