ताजा खबरें | धनखड़ ने राज्यसभा के उपाध्यक्ष पैनल का पुनर्गठन किया, 50 प्रतिशत महिलाओं को मिली जगह
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने बृहस्पतिवार को उच्च सदन के उपाध्यक्षों के पैनल का पुनर्गठन किया। इसमें 50 प्रतिशत महिला सदस्यों को स्थान दिया गया है।
नयी दिल्ली, 20 जुलाई राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने बृहस्पतिवार को उच्च सदन के उपाध्यक्षों के पैनल का पुनर्गठन किया। इसमें 50 प्रतिशत महिला सदस्यों को स्थान दिया गया है।
संसद के मानसून सत्र के पहले दिन धनखड़ ने सदन की कार्यवाही के दौरान यह घोषणा की। उन्होंने सदस्यों को सूचित किया कि इस पैनल का पुनर्गठन 17 जुलाई से प्रभावी हो गया है।
आठ सदस्यीय उपाध्यक्षों के पैनल में पी टी उषा (मनोनीत), एस. फान्गनॉन कोन्याक (भारतीय जनता पार्टी), फौजिया खान (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी), सुलता देव (बीजू जनता दल), वि. विजयसाई रेड्डी (वाईएसआर कांग्रेस), घनश्याम तिवाड़ी (भाजपा), एल. हनुमंतय्या (कांग्रेस) और सुखेन्दु शेखर राय (तृणमूल कांग्रेस) शामिल हैं।
धनखड़ ने कहा, ‘‘सदस्यों को यह जानकर खुशी होगी कि इस पैनल में 50 प्रतिशत महिलाएं हैं।’’
बाद में उपराष्ट्रपति कार्यालय के हवाले से जारी एक ट्वीट में धनखड़ ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने कहा कि जिन चार महिला सदस्यों को पैनल में शामिल किया गया है, वह सभी पहली बार राज्यसभा की सदस्य बनी हैं।
इससे पहले, राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने के तुरंत बाद सभापति ने सदन के तीन सदस्यों कांग्रेस के राजमणि पटेल तथा भाजपा के लक्ष्मीकांत वाजपेयी और संगीता यादव को जन्मदिन की बधाई दी।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं अपनी और आपकी (सदस्यों की) ओर से उनके लंबे, स्वस्थ और खुशहाल जीवन की कामना करता हूं।’’
धनखड़ ने यह भी कहा कि उन्हें पश्चिम बंगाल से राज्यसभा के सदस्य लुइजिन्हो फलेरियो से 11 अप्रैल, 2023 को अपनी सीट से इस्तीफा देने का पत्र मिला है, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया है।
सभापति ने सदन को सूचित किया, ‘‘मैंने 11 अप्रैल, 2023 से उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)