देश की खबरें | देवेंद्र यादव ने नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर मची भगदड़ की विस्तृत जांच की मांग की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख देवेंद्र यादव ने नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ की घटना की विस्तृत जांच की मांग की और कहा कि सरकार को पीड़ित परिवारों के लिए सहायता की घोषणा करनी चाहिए।
नयी दिल्ली, 16 फरवरी कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख देवेंद्र यादव ने नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ की घटना की विस्तृत जांच की मांग की और कहा कि सरकार को पीड़ित परिवारों के लिए सहायता की घोषणा करनी चाहिए।
नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर शनिवार देर रात मची भगदड़ में कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और 12 से अधिक लोग घायल हो गए।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रेलवे स्टेशन पर भीड़ एकत्र हो गई थी और यह घटना उस दौरान हुई जब कुछ यात्री ‘फुटओवर ब्रिज’ से उतरते समय फिसलकर दूसरों पर गिर पड़े। स्टेशन पर 12 से अधिक लोग घायल भी हुए। वहां पर प्रयागराज जाने के लिए ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्रियों की भारी भीड़ एकत्र हो गई थी।
यादव ने कहा, ‘‘यह हम सभी के लिए बहुत दुखद घटना है। हम उन लोगों के परिवारों के साथ खड़े हैं जिन्होंने अपनी जान गंवाई।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि इंतजामों में खामियों के कारण भगदड़ में लोगों की जान गई।
यादव ने कहा, ‘‘हम इस दुखद घटना की विस्तृत जांच की मांग करते हैं। साथ ही सरकार को पीड़ित परिवारों की मदद के लिए कुछ घोषणा करनी चाहिए।’’
भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इतने सारे लोग मर गए, नयी दिल्ली रेलवे स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई लेकिन रेल मंत्री कहते रहे कि स्थिति सामान्य है। यह कोई दुर्घटना नहीं है बल्कि यह प्रशासन द्वारा की गई हत्या है। वह पद से कब इस्तीफा देंगे?’’
रेलवे ने भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजनों के लिए 10-10 लाख रुपये मुआवजे की घोषणा की है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए लोगों को 2.5 लाख रुपये और मामूली रूप से घायलों को एक लाख रुपये देने का ऐलान किया गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)