नयी दिल्ली, तीन मई कांग्रेस ने शनिवार को आरोप लगाया कि मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने के बावजूद हालात सामान्य नहीं हुए हैं।
पार्टी के प्रदेश प्रभारी सप्तगिरि उलाका ने केंद्र से यह आग्रह भी किया कि राज्य में जल्द विधानसभा चुनाव कराया जाए ताकि वहां जनता की सरकार का गठन हो और मणिपुर में शांति स्थापित की जा सके।
मणिपुर में हिंसा भड़कने के दो साल पूरा होने पर उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "हम अपेक्षा करते हैं कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मणिपुर के लोगों को आश्वासन देंगे और वहां जो भी घटना घटी है, उसकी जिम्मेदारी लेंगे। नरेंद्र मोदी आज तक मणिपुर नहीं गए और अब गृह मंत्री अमित शाह भी मणिपुर नहीं जा रहे हैं। "
उन्होंने आरोप लगाया कि राष्ट्रपति शासन लागू होने के बाद भी मणिपुर में हालात सामान्य नहीं है।
उलाका ने कहा, "हम लगातार मणिपुर की आवाज उठाते रहेंगे, जब तक मणिपुर को न्याय नहीं मिलता।"
उन्होंने सवाल किया, "आखिर प्रधानमंत्री मोदी मणिपुर कब जाएंगे? मणिपुर में 55 विधायक होने के बाद भी राष्ट्रपति शासन लागू करने की क्या जरूरत पड़ी? क्या सरकार ने केवल इसलिए राष्ट्रपति शासन लागू किया, क्योंकि कांग्रेस पार्टी ने दबाव डाला था और (पार्टी) अविश्वास प्रस्ताव लाई थी ।"
कांग्रेस नेता ने कहा, "हम मांग करते हैं कि मणिपुर में चुनाव की घोषणा की जाए, ताकि वहां जनता की सरकार का गठन हो और मणिपुर में शांति स्थापित की जा सके।"
हक
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY