ताजा खबरें | दिल्ली का मौजूदा जल निकासी मास्टर प्लान ‘‘संकटपूर्ण स्थिति’’ से निपटने में अपर्याप्त : सरकार

नयी दिल्ली, सात अगस्त सरकार ने सोमवार को राज्यसभा को बताया कि दिल्ली का वर्तमान जल निकासी मास्टर प्लान ‘‘संकटपूर्ण स्थिति’’ से निपटने के लिए अपर्याप्त है।

केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली सरकार ने सूचित किया है कि राष्ट्रीय राजधानी का जल निकासी मास्टर प्लान 1976 में बनाया गया था और कहा है कि वर्तमान जल निकासी मास्टर प्लान दिल्ली में संकटपूर्ण स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त नहीं है।’’

पिछले माह दिल्ली में अभूतपूर्व बाढ़ एवं जलभराव की स्थिति देखने को मिली थी। आठ एवं नौ जुलाई को हुई भारी बारिश के कारण बड़े पैमाने पर जलभराव हो गया था। राष्ट्रीय राजधानी में महज दो दिनों के भीतर, महीने भर होने वाली वर्षा का 125 प्रतिशत बारिश हो गई।

इसके बाद हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड एवं हरियाणा में यमुना नदी के जलग्रहण क्षेत्रों में भारी वर्षा के बाद राष्ट्रीय राजधानी में यमुना का जलस्तर रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया।

पुरी ने बताया कि दिल्ली सरकार ने 2018 में सूचित किया था कि भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली ने मसौदा जल निकासी मास्टर प्लान का प्रस्ताव किया है।

उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने सूचित किया कि दिल्ली को एक समग्र नया जल निकासी मास्टर प्लान की आवश्यकता है। उसने यह भी सूचित किया कि कुछ निचले इलाकों को चिह्नित किया गया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)