जरुरी जानकारी | दिल्ली को अगले महीने मिलेगा दूसरा सबसे बड़ा प्रदर्शनी, सम्मेलन केंद्र
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को अगले महीने दूसरा विश्वस्तरीय प्रदर्शनी और सम्मेलन केंद्र मिलेगा। द्वारका में भारतीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र (आईआईसीसी) के पहले चरण का उद्घाटन सितंबर में होगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 29 अगस्त राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को अगले महीने दूसरा विश्वस्तरीय प्रदर्शनी और सम्मेलन केंद्र मिलेगा। द्वारका में भारतीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र (आईआईसीसी) के पहले चरण का उद्घाटन सितंबर में होगा। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
परियोजना के पहले चरण पर 5,400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत आई है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसकी आधारशिला सितंबर, 2018 में रखी थी।
प्रदर्शनी-सह-सम्मेलन केंद्र को देश में बैठकों, सम्मेलनों और प्रदर्शनियों (एमआईसीई) को बढ़ावा देने को लेकर एक आधुनिक केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।
परियोजना को दो चरणों में विकसित किया जा रहा है। पहले चरण में, एक सम्मेलन केंद्र, दो प्रदर्शनी हॉल आदि विकसित किये जा रहे हैं। दूसरे चरण में तीन प्रदर्शनी परिसर, होटल, खुदरा और कार्यालय स्थल शामिल होंगे।
पूरी परियोजना पर 25,703 करोड़ रुपये की लागत आने का अनुमान है। इसे द्वारका सेक्टर-25 में 221.37 एकड़ क्षेत्र में तैयार किया जा रहा है। परियोजना की कुल भूमि का आकार भारत मंडपम परिसर के 123 एकड़ से अधिक है।
आईआईसीसी द्वारका की प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमिता डावरा ने कहा, ‘‘आईआईसीसी वैश्विक बैठकें, सम्मेलन और प्रदर्शनी (एमआईसीआई) के आयोजन के लिये एशिया की सबसे बड़ी सुविधाओं में से एक होगा। यह परियोजना एमआईसीई क्षेत्र में भारत की विकास क्षमता की ताकत को प्रदर्शित करती है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी सुविधा की मांग बढ़ रही है। यह इससे पता चलता है कि हमारे पास पहले से ही अक्टूबर, 2024 तक वैश्विक स्तर के प्रमुख कार्यक्रमों के लिये मांग है।’’
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय के अनुसार, यह केंद्र राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को प्रदर्शनी बाजार के क्षेत्र में शंघाई, हांगकांग और सिंगापुर जैसे शहरों की श्रेणी में ले आएगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)