देश की खबरें | दिल्ली: ओडिशा में जलाए जाने के बाद एम्स में भर्ती पीड़िता की हालत अब भी गंभीर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा के पुरी जिले में आग के हवाले की गई 15 वर्षीय लड़की की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज किया जा रहा है। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 21 जुलाई ओडिशा के पुरी जिले में आग के हवाले की गई 15 वर्षीय लड़की की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में इलाज किया जा रहा है। सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अस्पताल ने एक बयान में कहा था कि 75 प्रतिशत जल चुकी लड़की को एम्स भुवनेश्वर से वायु मार्ग के जरिये रविवार शाम 4.20 बजे दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया।
एम्स दिल्ली ने बयान में कहा था, ‘‘वह वर्तमान में बर्न्स और प्लास्टिक सर्जरी ब्लॉक की गहन चिकित्सा इकाई में भर्ती है। उसकी हालत गंभीर है और उसे ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। चिकित्सकों की एक टीम उसकी स्थिति पर कड़ी नजर रख रही है।’’
सूत्रों ने बताया कि उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को पुरी के बलंगा इलाके में हुई इस घटना पर रविवार को गहरा दुख व्यक्त किया था।
माझी ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘पीड़िता को सर्वोत्तम उपचार के लिए दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया है। राज्य सरकार इसके लिए सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करेगी। मैं भगवान जगन्नाथ से लड़की के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’
प्रारंभिक पुलिस जांच में पता चला है कि मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने कथित तौर पर किशोरी को रोका, उसे बलंगा थाना क्षेत्र के बयाबर गांव के पास भार्गवी नदी के किनारे जबरन ले गए, उस पर ज्वलनशील पदार्थ डाला और उसे आग लगा दी। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद हमलावर मौके से भाग गए।
स्थानीय लोगों ने आग बुझाई और उसे पिपिली सरकारी अस्पताल ले गए, जहाँ से उसे भुवनेश्वर स्थित एम्स भेज दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि लड़की की मां ने बलंगा पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि पीड़िता आठवीं कक्षा की पढ़ाई छोड़ चुकी थी और उसके पिता एक मोटर गैराज में काम करते थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 21, 2025 10:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

