देश की खबरें | दिल्ली में बारिश से अधिकतम तापमान मौसम के सबसे निचले स्तर पर पहुंचा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली में शनिवार को बारिश होने से अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री गिरकर 14.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस मौसम का अबतक का सबसे कम अधिकतम तापमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 22 जनवरी दिल्ली में शनिवार को बारिश होने से अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री गिरकर 14.4 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो इस मौसम का अबतक का सबसे कम अधिकतम तापमान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
दिल्ली में 22 जनवरी तक 68 मिमी बारिश हो चुकी है, जो 1995 के बाद से सर्वाधिक है। वर्ष 1995 में 69.8 मिमी बारिश हुई थी।
सफदरजंग वेधशाला ने शनिवार को सुबह आठ बजे तक पांच मिमी बारिश दर्ज की।
आईएमडी ने बताया कि न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से चार डिग्री अधिक है।
उसने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में 21 से 23 जनवरी तक व्यापक वर्षा होने का अनुमान है।
मौसम कार्यालय के अनुसार, अपराह्न साढे पांच बजे सापेक्षिक आर्द्रता 84 फीसदी रही।
मौसम विज्ञानियों ने रविवार को आसमान में बादल छाये रहने एवं हल्की वर्षा होने का अनुमान जताया है। रविवार को अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार को दिल्ली की वायु गुणवत्ता ''बेहद खराब'' श्रेणी में दर्ज की गई, क्योंकि अपराह्न चार बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 316 था।
फरीदाबाद का वायु गुणवत्ता सूचकांक 330, गाजियाबाद का 277, गुड़गांव का 304 और नोएडा का 277 रहा।
शून्य और 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 और 100 के बीच 'संतोषजनक', 101 और 200 के बीच 'मध्यम', 201 और 300 के बीच 'खराब', 301 से 400 के बीच 'बहुत खराब' तथा 401 और 500 के बीच 'गंभीर' श्रेणी में माना जाता है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)