देश की खबरें | दिल्ली पुलिस को मृत पाई गयी स्विस महिला के परिवार से संपर्क करने के लिए दूतावास के जवाब का इंतजार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को कहा कि यहां पांच दिन पहले जिस स्विस महिला का शव बरामद किया गया था, उसके परिवार के सदस्यों से संपर्क करने के लिए वह अब तक स्विट्जरलैंड के दूतावास के जवाब का इंतजार कर रही है।
नयी दिल्ली, 24 अक्टूबर दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को कहा कि यहां पांच दिन पहले जिस स्विस महिला का शव बरामद किया गया था, उसके परिवार के सदस्यों से संपर्क करने के लिए वह अब तक स्विट्जरलैंड के दूतावास के जवाब का इंतजार कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, महिला की यहां गुरप्रीत सिंह (33) नाम के व्यक्ति ने कथित तौर पर हत्या कर दी थी, जिसने दावा किया है कि स्विट्जरलैंड की यात्रा के दौरान 2021 में उसकी उससे दोस्ती हुई थी।
पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विचित्र वीर ने कहा कि वे दूतावास के अधिकारियों के साथ नियमित संपर्क में हैं, लेकिन अब तक कोई जवाब नहीं आया है।
वीर ने कहा, ‘‘हम उसके परिवार के आने और शव की पहचान करने का इंतजार कर रहे हैं, ताकि शव परीक्षण किया जा सके।’’
पुलिस ने कहा कि 20 अक्टूबर को तिलक नगर में एक स्कूल के पास पाये गये जंजीरों से बंधे महिला के शव को अब भी अस्पताल के मुर्दाघर में संरक्षित रखा गया है।
इस बीच, पुलिस ने 21 अक्टूबर को गिरफ्तार किये गए सिंह की मनो विश्लेषण जांच की, ताकि उसकी मानसिक स्थिति का पता लगाया जा सके।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि चार दिनों से पुलिस की हिरासत में रखे गये सिंह को कई स्थानों पर ले जाया गया, जिसमें एक दुकान भी शामिल है, जहां से उसने जंजीर और ताले खरीदे थे।
एक अधिकारी ने बताया कि जंजीर और ताले महिला की हत्या से दो दिन पहले आरोपी ने 600 रुपये में खरीदे थे।
पुलिस ने बताया कि सिंह ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि उसने महिला की इसलिए हत्या की, क्योंकि वह उससे शादी करना चाहता था, लेकिन उसने उसके प्रस्ताव को ठुकरा दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)