देश की खबरें | उपरगामी पथ पर एक महिला के पहुंचने के बाद दिल्ली मेट्रो का प्रतिबंधित क्षेत्र में न जाने का परामर्श

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी में शादीपुर स्टेशन पर एक महिला के उपरगामी मेट्रो पथ पर पहुंचने और वहां से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने की घटना के बाद दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने लोगों को अपनी सुरक्षा तथा परिचालन सुरक्षा की खातिर मेट्रो परिसरों के प्रतिबंधित क्षेत्रों में नहीं जाने का ‘कड़ा परामर्श’ जारी किया। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 12 दिसंबर राष्ट्रीय राजधानी में शादीपुर स्टेशन पर एक महिला के उपरगामी मेट्रो पथ पर पहुंचने और वहां से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी देने की घटना के बाद दिल्ली मेट्रो रेल निगम (डीएमआरसी) ने लोगों को अपनी सुरक्षा तथा परिचालन सुरक्षा की खातिर मेट्रो परिसरों के प्रतिबंधित क्षेत्रों में नहीं जाने का ‘कड़ा परामर्श’ जारी किया। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि यह (नियमों का) ‘‘उल्लंघन’’ भी है जिसके लिए संबंधित प्रावधानों के तहत ‘‘मुकदमा’’ भी चलाया जा सकता है।

पश्चिमी दिल्ली में शादीपुर स्टेशन के पास सोमवार को संबंधित घटना हुई। पुलिस के अनुसार, इस महिला को बाद में सुरक्षाकर्मियों ने बचा लिया और उसके परिवार के हवाले कर दिया।

इस घटना का ब्योरा देते हुए दिल्ली मेट्रो के एक सूत्र ने कहा, ‘‘कल शाम जब पांच बजकर 29 मिनट पर ब्लूलाइन पर कीर्तिनगर की ओर से शादीपुर स्टेशन की तरफ ट्रेन बढ़ रही थी, तभी ट्रेन चालक ने ‘वाकवे’ (ऐसी जगह जहां रखरखाव के लिए केवल अधिकृत कर्मी ही जा सकते हैं) पर एक महिला को संकटपूर्ण तरीके से जाते हुए देखा।’’

सूत्रों ने बताया कि ट्रेन चालक ने तत्काल परिचालन नियंत्रण केंद्र को सूचना दी तथा यह सुनिश्चित करने के लिए दोनों ही ओर से ट्रेन आवागमन रोक दिया गया ताकि उस महिला को ट्रेन के कारण कोई क्षति न पहुंचे।

उन्होंने बताया कि उसी समय महिला कर्मियों समेत केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल के कर्मियों के साथ स्टेशन नियंत्रक मौके पर पहुंचे।

मेट्रो सूत्र ने कहा, ‘‘उस महिला को तत्काल हिरासत में ले लिया गया और स्टेशन पर लाया गया। बाद में उसे आगे की जांच के लिए दिल्ली मेट्रो रेल पुलिस को सौंप दिया गया।’’

पुलिस ने सोमवार को कहा था कि महिला को बाद में उचित परामर्श दिया गया तथा उसे उसके अभिभावकों के हवाले कर दिया गया।

इस संबंध में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को कहा कि मामले की जांच की जा रही है।

दिल्ली मेट्रो के प्लेटफॉर्म और स्टेशन परिसर में कुछ ऐसे क्षेत्र हैं जिन्हें प्रतिबंधित क्षेत्र घोषित किया गया है।

मेट्रो सूत्र ने कहा, ‘‘लोगों को अपनी सुरक्षा एवं परिचालन सेवाओं की सुरक्षा की खातिर मेट्रो की प्रतिबंधित क्षेत्रों में नहीं जाने की कड़ी सलाह दी जाती है। यह (नियमों का) उल्लंघन भी है जिसके लिए संबंधित प्रावधानों के तहत मुकदमा चलाया जा सकता है।’’

उन्होंने कहा कि दिल्ली मेट्रो ने सीआईएसएफ के साथ मिलकर पहले भी लोगों की जान बचाई है जहां लोग अनजाने में मेट्रो पथ पर चले गए या जानबूझकर अपनी जान देने या मेट्रो सेवाएं बाधित करने की मंशा से वहां चले गए।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\