देश की खबरें | दिल्ली उच्च न्यायालय कोविड मामलों में वृद्धि के कारण तीन जनवरी से ऑनलाइन तरीके से सुनवाई करेगा

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली उच्च न्यायालय ने कोविड​​-19 मामलों में वृद्धि और राष्ट्रीय राजधानी में सरकार द्वारा घोषित ‘येलो अलर्ट’ के मद्देनजर तीन जनवरी से सुनवाई की ऑनलाइन व्यवस्था अपनाने का बृहस्पतिवार को निर्णय किया।

नयी दिल्ली, 30 दिसंबर दिल्ली उच्च न्यायालय ने कोविड​​-19 मामलों में वृद्धि और राष्ट्रीय राजधानी में सरकार द्वारा घोषित ‘येलो अलर्ट’ के मद्देनजर तीन जनवरी से सुनवाई की ऑनलाइन व्यवस्था अपनाने का बृहस्पतिवार को निर्णय किया।

उच्च न्यायालय ने 22 नवंबर से भौतिक सुनवाई शुरू की थी। न्यायालय ने एक बयान में कहा कि ऑनलाइन तरीके से सुनवाई की व्यवस्था 15 जनवरी तक जारी रहेगी।

उच्च न्यायालय और जिला अदालतों में मामलों की सुनवाई की वर्तमान प्रणाली और दिल्ली में कोविड​​-19 संक्रमण के मामलों की संख्या में वृद्धि के बारे में मुख्य न्यायाधीश डी. एन. पटेल के समक्ष एक कार्यालय नोट रखे जाने के बाद यह निर्णय लिया गया।

बयान में कहा गया है, ‘‘निश्चित रूप से, दिल्ली में कोविड-19 मामलों में अचानक वृद्धि हुई है। इस तरह की वृद्धि काफी खतरनाक और चिंताजनक है। दिल्ली सरकार ने पहले ही दिल्ली में ‘येलो अलर्ट’ जारी कर दिया है। यह सभी एहतियाती और निवारक उपाय करने का समय है।’’

बयान में न्यायमूर्ति पटेल के हवाले से कहा गया है, ‘‘मैंने इस अदालत की प्रशासनिक और सामान्य पर्यवेक्षण समिति के सदस्यों के साथ भी विचार-विमर्श किया है। उन सभी का यह भी विचार है कि स्वास्थ्य और कल्याण की रक्षा के लिए तत्काल कदम उठाए जाने की आवश्यकता है।’’

इसमें कहा गया है दिल्ली उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और दिल्ली के सभी जिला न्यायालय बार एसोसिएशनों की समन्वय समिति के अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ पदाधिकारियों से भी जानकारी ली गई थी और उन्होंने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now