देश की खबरें | दिल्ली चुनाव : भाजपा प्रत्याशियों ने विजय रैलियां निकालीं, मिठाइयां बांटी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के एक दिन बाद रविवार को पार्टी के विजयी उम्मीदवारों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में धन्यवाद रैलियां कीं।

नयी दिल्ली, नौ फरवरी दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के एक दिन बाद रविवार को पार्टी के विजयी उम्मीदवारों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों में धन्यवाद रैलियां कीं।

विजयी उम्मीदवारों ने मिठाई बांटकर, केक काटकर और मतदाताओं को समर्थन देने के लिए धन्यवाद देकर अपनी सफलता का जश्न मनाया।

भाजपा ने शनिवार को 70 विधानसभा सीटों में से 48 सीटें जीतकर 26 साल से अधिक समय बाद दिल्ली की सत्ता में वापसी की। चुनावों में आप ने 22 सीटें जीतीं, जबकि कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली।

भाजपा के मोती नगर से नवनिर्वाचित विधायक हरीश खुराना ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में रैली निकाली।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं मोती नगर में उन लोगों का धन्यवाद करने आया हूं, जिन्होंने मुझ पर अपार विश्वास दिखाया है। मैं उन्हें आश्वासन देता हूं कि मैं सार्वजनिक शौचालय और पानी की आपूर्ति जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करते हुए उनके कल्याण के लिए ईमानदारी से काम करूंगा।’’

मालवीय नगर से जीतने वाले सतीश उपाध्याय ने विजय जुलूस का नेतृत्व किया, जिसमें उनके समर्थक ढोल की थाप पर नाचते हुए नजर आए। उन्होंने एक मंदिर में जाकर केक भी काटा।

उपाध्याय ने कहा, ‘‘लोगों ने हमारा समर्थन किया है और यह रैली आभार प्रकट करने का हमारा तरीका है। हम उनके लिए अथक प्रयास करेंगे।’’

नयी दिल्ली निर्वाचन क्षेत्र में ‘आप’ संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को हराने वाले भाजपा नेता प्रवेश वर्मा ने मिठाई बांटी। वह बच्चों समेत कई राहगीरों को मिठाई खिलाते दिखाई दिये।

राजौरी गार्डन से विधायक मनजिंदर सिंह सिरसा ने भाजपा की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर लोगों के भरोसे को दिया।

सिरसा ने कहा, ‘‘12 साल तक लोगों को झूठे वादों से धोखा दिया गया। अब उन्होंने मोदी के नेतृत्व में विकास और बदलाव को चुना है। यह जीत दिल्ली, लोगों और हमारे प्रधानमंत्री की है।’’

जंगपुरा से जीतने वाले भाजपा के तरविंदर सिंह मारवाह ने दावा किया कि चुनाव प्रचार के दौरान प्रतिद्वंद्वी दलों के नेताओं ने मतदाताओं को पैसे की पेशकश करके लुभाने की कोशिश की, लेकिन लोगों ने मोदी की गारंटी को चुना।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now