देश की खबरें | दिल्ली: डांट से नाराज घरेलू सहायक ने मालकिन और उसके बेटे की हत्या की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के लाजपत नगर में डांट से नाराज एक घरेलू सहायक ने मालकिन और उसके किशोर बेटे की हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, तीन जुलाई दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के लाजपत नगर में डांट से नाराज एक घरेलू सहायक ने मालकिन और उसके किशोर बेटे की हत्या कर दी। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि बिहार के हाजीपुर निवासी आरोपी मुकेश (24) को उत्तर प्रदेश रेलवे पुलिस ने उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वह ट्रेन से भागने की कोशिश कर रहा था।

यह मामला तब प्रकाश में आया जब बुधवार रात नौ बजकर 43 मिनट पर लाजपत नगर निवासी कुलदीप सेवानी की तरफ से पुलिस नियंत्रण कक्ष (पीसीआर) कॉल आई। पुलिस के अनुसार, सेवानी ने बताया कि उनकी पत्नी रुचिका (42) और 14 वर्षीय बेटा फोन नहीं उठा रहे हैं और उनके घर की सीढ़ियों पर खून के धब्बे हैं।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पूर्वी) हेमंत तिवारी ने एक बयान में कहा, ‘‘पीसीआर वाहन और जांच दल मौके पर पहुंचे जहां घर का मुख्य दरवाजा बाहर से बंद था। घर की ओर जाने वाली सीढ़ियों पर खून के धब्बे मिले।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पुलिस घर का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुई। रुचिका और उसके बेटे के शव घर के अंदर बरामद किए गए।’’

तिवारी ने बताया कि महिला का शव शयनकक्ष में मिला जिसका गला रेता हुआ था और बेटे का शव स्नानगृह से बरामद किया गया। उन्होंने कहा कि दोनों की धारदार हथियार से हत्या की गई।

पुलिस के अनुसार, मुकेश तीन-चार साल से परिवार के साथ काम कर रहा था। हालांकि वह घरेलू सहायक के रूप में कार्यरत था, लेकिन लाजपत नगर बाजार में कुलदीप और रुचिका की कपड़ों की दुकान में भी उनकी सहायता करता था तथा उनके चालक के रूप में भी काम करता था।

तिवारी ने कहा, ‘‘कुलदीप और रुचिका मिलकर दुकान करते थे और उनका बेटा दसवीं कक्षा में पढ़ता था।’’

जांच से जुड़े पुलिस के एक अन्य अधिकारी ने कहा, ‘‘प्रथम दृष्टया वारदात बुधवार शाम साढ़े सात बजे से साढ़े आठ बजे के बीच हुई। दिन के समय महिला ने मुकेश को किसी बात पर डांटा था, जिसका बदला लेने के लिए उसने ऐसा किया। ऐसा प्रतीत होता है कि उसने पहले महिला की गला रेतकर हत्या की और उसके बाद लड़के को भी मार डाला।’’

अधिकारी ने बताया कि दोहरे हत्याकांड की सूचना मिलने के बाद कई टीम गठित की गईं और आरोपी की तस्वीर अन्य राज्यों की पुलिस व रेलवे पुलिस के साथ साझा की गई।

उन्होंने कहा कि वारदात को अंजाम देने के बाद मुकेश ने घर को बाहर से बंद कर दिया और अपना सामान लेकर भाग गया।

अधिकारी ने बताया कि प्रौद्योगिकी की मदद से निगरानी के जरिए मुकेश का पता लगाया गया और उत्तर प्रदेश रेलवे पुलिस ने उसे पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पर ट्रेन से उस समय गिरफ्तार कर लिया जब वह बिहार की ओर जा रहा था।

उन्होंने कहा, ‘‘आरोपी को पूछताछ और औपचारिक गिरफ्तारी के लिए दिल्ली लाया जाएगा। हम आस-पास के स्थानों की सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रहे हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी ने भागने से पहले घर से कहीं कोई कीमती सामान तो नहीं चुराया।’’

पुलिस ने कहा कि घटना के संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

जंगपुरा से विधायक तरविंदर सिंह मारवाह ने इलाके का दौरा किया और कहा कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से बात की।

विधायक ने कहा, ‘‘जब मुझे घटना के बारे में सूचना मिली तो मैंने पुलिस उपायुक्त और पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों से बात की। थाना प्रभारी, सहायक पुलिस आयुक्त और पुलिस उपायुक्त कल रात से लगे हुए हैं और आरोपी को रात में ही पकड़ लिया गया। हर पहलू की गहन जांच होनी चाहिए।’’

स्थानीय लोग सेवानी के घर के पास जुटने लगे, ऐसे में पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है।

स्थानीय निवासी सुनील वर्मा ने कहा, ‘‘मैं पार्क के दूसरी ओर रहता हूं और जब मैंने सुना कि यहां एक हत्या हुई है तो चला आया। बाद में मुझे पता चला कि इस परिवार की कुर्ते की दुकान थी और पिछले 10-15 वर्षों से यहां रह रहा था। दुकान काफी पुरानी थी। मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से नहीं जानता।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

South Africa vs New Zealand, T20 World Cup 2026 1st Semi-Final Scorecard: कोलकाता में फिन एलन की आई आंधी, दक्षिण अफ्रीका को 9 विकेट से हराकर न्यूजीलैंड ने फाइनल में बनाई अपनी जगह; यहां देखें SA बनाम NZ मैच का स्कोरकार्ड

India vs England, ICC T20 World Cup 2026 2nd Semi-Final Match Stats And Preview: दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में इंग्लैंड को हराकर टूर्नामेंट के फाइनल में अपनी जगह पक्की करना चाहेगी टीम इंडिया, मैच से पहले जानें स्टैट्स एंड प्रीव्यू

South Africa vs New Zealand, T20 World Cup 2026 1st Semi-Final Scorecard: कोलकाता में दक्षिण अफ्रीका ने न्यूजीलैंड के सामने रखा 170 रनों का टारगेट, मार्को जानसन ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

बिहार की राजनीति में बड़ा मोड़: क्या सीएम नीतीश कुमार देंगे इस्तीफा? राज्यसभा जाने की अटकलों से हलचल तेज

\