देश की खबरें | बारिश व जलभराव और यमुना नदी में बढ़ते जलस्तर पर आज बैठक करेंगे दिल्ली के मुख्यमंत्री
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शहर में लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह पानी भरने और यमुना नदी में बढ़ते जल स्तर के संबंध में सोमवार को बैठक करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 10 जुलाई दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल शहर में लगातार हो रही बारिश के कारण जगह-जगह पानी भरने और यमुना नदी में बढ़ते जल स्तर के संबंध में सोमवार को बैठक करेंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि बैठक दिल्ली सचिवालय में होगी। इसमें सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग तथा दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटे की अवधि में 153 मिलीमीटर (मिमी) बारिश दर्ज की गई, जो 1982 के बाद से जुलाई में एक दिन में हुई सर्वाधिक बारिश है।
हरियाणा के हथिनीकुंड बैराज से यमुना नदी में एक लाख क्यूसेक से अधिक पानी छोड़ने के बाद दिल्ली सरकार ने रविवार को बाढ़ की चेतावनी जारी की थी।
सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अनुसार, शाम चार बजे 1,05,453 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था और यह पहली चेतावनी है।
केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के बाढ़ निगरानी पोर्टल के अनुसार, दिल्ली में नदी का जलस्तर बढ़ रहा है और मंगलवार को इसके खतरे के निशान 205.33 मीटर को पार करने की आशंका है। ओल्ड रेलवे ब्रिज पर यमुना का जलस्तर रविवार अपराह्न एक बजे 203.18 मीटर था, जबकि खतरे का स्तर 204.5 मीटर है।
सीडब्ल्यूसी के अनुसार, मंगलवार को पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न एक बजे के बीच जलस्तर 205.5 मीटर तक बढ़ने की आशंका है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)