देश की खबरें | दिल्ली : सीलमपुर में 48 वर्षीय व्यक्ति को चाकू घोंपा गया, मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में कुछ अज्ञात हमलावरों ने 48 वर्षीय एक व्यक्ति को कथित तौर पर चाकू घोंप दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
नयी दिल्ली, 19 जून उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीलमपुर इलाके में कुछ अज्ञात हमलावरों ने 48 वर्षीय एक व्यक्ति को कथित तौर पर चाकू घोंप दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
मृतक मनोज कुमार कश्मीरी गेट बाजार में कलपुर्जे का आपूर्तिकर्ता था।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘मंगलवार की रात 11.23 बजे पुलिस को अस्पताल से फोन पर सूचना मिली कि एक व्यक्ति को चाकू घोंपा गया जिससे उसकी जान चली गई है।’’
उन्होंने बताया कि जांच में पता चला है कि घटना रात 9.40 बजे जीटी रोड पर वेलकम मेट्रो स्टेशन की ओर जाने वाले फ्लाईओवर के पास हुई।
अधिकारी ने बताया, ‘‘हमने सीलमपुर पुलिस थाने में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है। मनोज कुमार शाहदरा का रहने वाला था और उसके परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं।’’
पुलिस के अनुसार, कुमार की मौत छाती के दाहिने हिस्से में चाकू लगने से हुई। अपराध जांच दल और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) के दल ने मौका मुआयना किया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘ हम इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रहे हैं। अपराधियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। आगे की जांच जारी है।‘‘
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)