देश की खबरें | रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्र भानु गुप्ता को किया याद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्र भानु गुप्ता को रविवार को याद करते हुए उनकी उदारता का जिक्र किया और बताया कि गुप्ता ने एक बार अपने खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों के लिये भोज का आयोजन किया था।

लखनऊ, 13 जुलाई रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री चंद्र भानु गुप्ता को रविवार को याद करते हुए उनकी उदारता का जिक्र किया और बताया कि गुप्ता ने एक बार अपने खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों के लिये भोज का आयोजन किया था।

सिंह ने लखनऊ के ‘नेशनल पीजी कॉलेज’ में एक समारोह में यह किस्सा सुनाया। उन्होंने कार्यक्रम में चंद्र भानु गुप्ता की एक प्रतिमा का अनावरण करने के साथ-साथ एक डाक टिकट भी जारी किया।

उन्होंने कहा, ‘‘मैं आप सभी के साथ चंद्र भानु गुप्ता जी से जुड़ी एक और घटना साझा करना चाहता हूं। जब वह उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे तब लगभग 10 हजार लोग उनके खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर जी भी उनमें शामिल थे। इन सभी लोगों के पास भोजन का कोई इंतजाम नहीं था। चंद्र भानु गुप्ता जी जानते थे कि वे सभी भूखे हैं इसलिए उन्होंने सभी प्रदर्शनकारियों के लिए तुरंत भोजन का इंतजाम किया। उन्होंने उनके लिये पूड़ी और साग बनवाया था।"

सिंह ने कहा, ''इसका मतलब है कि एक स्वस्थ लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष का भी सम्मान होना चाहिए। इस घटना से हमें यह भी संदेश मिलता है कि राजनीति में मतभेद हो सकते हैं लेकिन मनभेद नहीं होना चाहिए।''

लखनऊ से लोकसभा सदस्य सिंह ने कहा कि चंद्र भानु गुप्ता ने राजनीति को कभी व्यवसाय नहीं बनाया बल्कि इसे सेवा का माध्यम बनाया और यही वजह थी कि वह उत्तर प्रदेश के लोगों के बीच हमेशा बेहद लोकप्रिय रहे।

रक्षा मंत्री ने उस समय को भी याद किया जब उत्तर प्रदेश के चार बार मुख्यमंत्री रहे चंद्र भानु गुप्ता ने किसानों की दुर्दशा को दर्शाती फिल्म 'हमारा संसार' को मनोरंजन कर से मुक्त करवाया था।

सिंह ने कहा, ''फिल्म हमारा संसार देखने के बाद उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री सुचेता कृपलानी से बात की और फिल्म को कर मुक्त कराया।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\