देश की खबरें | हरियाणा के हिंसाग्रस्त नूंह जिले में कर्फ्यू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के हिंसा प्रभावित नूंह जिले में अधिकारियों ने मंगलवार को कर्फ्यू लगा दिया।
चंडीगढ़, एक अगस्त हरियाणा के हिंसा प्रभावित नूंह जिले में अधिकारियों ने मंगलवार को कर्फ्यू लगा दिया।
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) द्वारा निकाली जा रही यात्रा को रोकने की भीड़ द्वारा कोशिश किए जाने के कारण भड़की हिंसा में नूंह में चार लोगों की मौत हो गई तथा कई अन्य घायल हुए हैं।
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने मंगलवार को बताया कि नूंह जिले में कर्फ्यू लगा दिया गया है। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है।
नूंह में मंगलवार को किसी ताजा हिंसा की जानकारी नहीं मिली, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
अधिकारियों ने बताया कि नूंह और अन्य इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
पुलिस ने बताया कि नूंह में भड़की हिंसा गुरुग्राम में भी फैल गई और शहर के सेक्टर-57 में एक मस्जिद पर भीड़ के हमले में 26 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। इस हिंसा में मृतक संख्या बढ़कर पांच हो गई है।
नूंह में हिंसा के दौरान सोमवार को होमगार्ड के दो जवानों की मौत हो गई थी तथा कई लोग घायल हो गए थे। हिंसा के दौरान सोमवार को घायल हुए दो और लोगों ने मंगलवार को दम तोड़ दिया।
विज ने अंबाला में संवाददाताओं से कहा कि नूंह में हिंसा अचानक हुई प्रतीत नहीं होती।
उन्होंने कहा, ‘‘जिस स्तर पर हिंसा हुई और अलग-अलग जगहों पर हुई, जिस तरह से पत्थर एकत्र किए गए, हथियार दिखाए गए, गोलियां चलाई गईं, उससे ऐसा नहीं लगता कि यह सब अचानक हुआ है।’’
विज ने कहा कि वहां दोनों समुदाय शांति से रहते हैं। उन्होंने दावा किया कि राज्य एवं देश में शांति भंग करने का इरादा रखने वाले किसी ने इस घटना की साजिश रची।
उन्होंने कहा कि उनका प्राथमिक उद्देश्य स्थिति को नियंत्रण में लाना और शांति बनाए रखना है।
विज ने कहा कि उन्होंने संबंधित अधिकारियों से मामले की गहन जांच करने को कहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।’’
हरियाणा के मंत्री ने कहा कि नूंह में हिंसा भड़कने के बाद पड़ोसी पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम, झज्जर और रेवाड़ी जिलों से बलों को वहां भेजा गया।
उन्होंने कहा, ‘‘आज हरियाणा के अन्य हिस्सों से भी बलों को भेजा जा रहा है।’’
विज ने कहा कि उन्होंने केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला से बात की है और राज्य के लिए केंद्रीय बलों की 20 कंपनी आवंटित की गई हैं। उन्होंने कहा कि वायुसेना को दूर-दराज के किसी स्थान से बलों को हवाई मार्ग से लाने की आवश्यता पड़ने की स्थिति में तैयार रहने के लिए कहा गया है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)