देश की खबरें | झारखंड के लातेहार में सीआरपीएफ जवान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या की

लातेहार (झारखंड), आठ अक्टूबर झारखंड के लातेहार जिले में सीआरपीएफ के जवान ने शनिवार को अपने सर्विस रिवॉल्वर से कथित रूप से खुद को गोली मार ली जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

लातेहार के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने बताया कि महुआडांड़ थाना क्षेत्र की केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की बांसकरचा पुलिस चौकी (पिकेट) में तैनात जम्मू कश्मीर के बांदीपुरा निवासी जवान मेराजुद्दीन मॉपनो (40) ने पारिवारिक समस्याओं के कारण अपनी राइफल से खुद को गोली मार ली, जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गयी।

उन्होंने बताया कि गोली की आवाज सुनकर मॉपनो के सहकर्मी और अन्य अधिकारी घटनास्थल पहुंचे, जहां उन्होंने खून से लथपथ मॉपनो को देखा। गंभीर अवस्था में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वह सीआरपीएफ की 218वीं बटालियन में कार्यरत था।

उन्होंने बताया कि जवान को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से रांची भेजा जा रहा था लेकिन महुआडांड़ अस्पताल में ही उसने दम तोड़ दिया।

मॉपनो के सहकर्मियों ने कहा कि उसने नाश्ता किया था और वह घटना से पहले सामान्य नजर आ रहा था।

इस बीच, सीआरपीएफ के स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि मामले में कोर्ट ऑफ इन्क्वायरी के आदेश दिए गए हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)