बेंगलुरु, नौ मई कर्नाटक राज्य ठेकेदार संघ (केएससीए) ने लोगों से अपने विवेक के अनुसार वोट डालने की अपील करते हुए उन्हें याद दिलाया कि राज्य में भ्रष्टाचार भयावह स्तर पर पहुंच गया है। कर्नाटक में विधानसभा चुनाव के लिए वोट बुधवार को डाले जाएंगे।
केएससीए के अध्यक्ष डी. केम्पन्ना ने पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर आरोप लगाया था कि ठेकेदारों को सार्वजनिक परियोजनाओं में 40 प्रतिशत कमीशन देना पड़ता है। केएससीए के अध्यक्ष द्वारा लगाए गए इस आरोप को कांग्रेस ने कर्नाटक में सत्तारूढ़ भाजपा को निशाना बनाने के लिए अपने अभियान का एक प्रमुख मुद्दा बनाया था।
केम्पन्ना ने मंगलवार को कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार भयावह स्तर पर पहुंच गया है।
उन्होंने कहा, “सार्वजनिक परियोजनाओं में 40 प्रतिशत कमीशन पहले ही कई ठेकेदारों के रोजगार पर असर डाल चुका है। लोग भी दोषपूर्ण, खतरनाक और जानलेवा बुनियादी ढांचे के साथ जीने को मजबूर है।”
केम्पन्ना ने कहा कि लोकतंत्र तब काम करता है जब लोग अपने विवेक के अनुसार मतदान करते हैं। उन्होंने कहा, “भ्रष्टाचार हमारे सामूहिक विवेक को गहरी ठेस पहुंचाता है।”
केम्पन्ना द्वारा अपने ट्वीटर अकाउंट पर लिखे गए पत्र को साझा करते हुए कर्नाटक में कांग्रेस ने कहा, “कर्नाटक राज्य ठेकेदार संघ (केएससीए) का यह पत्र लोगों से अपने विवेक के अनुसार मतदान करने का आग्रह करता है और यह इस बात का सबूत है कि कैसे 40 प्रतिशत कमीशन वाली भ्रष्ट सरकार ने कर्नाटक राज्य को बर्बाद कर दिया है।”
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY