देश की खबरें | कांग्रेस का आरोप, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री की आलोचना के कारण युवा नेता के घर और परिवार पर हमला

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने पश्चिम त्रिपुरा जिले में उसकी युवा शाखा के नेता सहजान इस्लाम के घर में तोड़फोड़ की और उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, क्योंकि उन्होंने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री माणिक साहा की कथित रूप से आलोचना की थी।

अगरतला, नौ जून कांग्रेस ने सोमवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं ने पश्चिम त्रिपुरा जिले में उसकी युवा शाखा के नेता सहजान इस्लाम के घर में तोड़फोड़ की और उनके परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट की, क्योंकि उन्होंने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री माणिक साहा की कथित रूप से आलोचना की थी।

भाजपा ने युवा कांग्रेस के नेता पर फेसबुक पोस्ट में मुख्यमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया और उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई।

त्रिपुरा प्रदेश कांग्रेस समिति (टीपीसीसी) के अध्यक्ष आशीष कुमार साहा ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘रविवार रात करीब 11 बजे हथियारों से लैस 100 से अधिक भाजपा और युवा मोर्चा समर्थक शांतिपारा स्थित सहजान के घर में घुस आए और तोड़फोड़ की। उनके माता-पिता की पिटाई की गई और उनकी पत्नी पर भी हमला किया गया।’’

कांग्रेस के एक नेता ने बताया कि पार्टी नेता सुदीप रॉय बर्मन मौके पर पहुंचे, लेकिन उन्हें युवा मोर्चा समर्थकों के कड़े विरोध का सामना करना पड़ा।

इलाके में तनाव फैलने पर पुलिस कर्मियों की एक बड़ी टुकड़ी मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लाया। इसी इलाके में मुख्यमंत्री का पैतृक घर स्थित है।

युवा कांग्रेस के नेता सहजान ने फेसबुक पर पश्चिम अगरतला थाने के सामने भीड़ द्वारा मवेशियों को ले जा रहे एक वाहन को रोक लेने तथा शनिवार को ईद-उल-अजहा के दौरान कुछ अप्रिय घटनाओं के बाद मुख्यमंत्री पर निशाना साधा।

युवा कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री के चिकित्सा पेशे का जिक्र करते हुए दावा किया, ‘‘एक व्यक्ति, जो अपने पूरे करियर में पैसे लेकर दांत निकालता रहा, उसे मुख्यमंत्री बना दिया गया। पुलिस एक विशेष समुदाय के पक्ष में काम कर रही है।’’

रॉय बर्मन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘नेताओं के घर और उनके परिवार के सदस्यों पर हमला दिखाता है कि राज्य में माफिया राज कायम है। हम एक निरंकुश शासन के अधीन हैं। मुख्यमंत्री पर उनका (सहजान) रोष शनिवार को ईद के दौरान पूरे राज्य में हुई घटनाओं की प्रतिक्रिया थी। इस मुद्दे से राजनीतिक रूप से निपटने के बजाय, भाजपा ने हिंसा का रास्ता चुना।’’

कांग्रेस ने सहजान के आवास और उनके परिवार के सदस्यों पर हमले में शामिल लोगों की गिरफ्तारी की मांग की।

भाजपा ने फेसबुक पोस्ट पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए दावा किया कि इसमें ‘‘मुख्यमंत्री को बदनाम किया गया।’’

भाजपा सदर (शहरी) जिला अध्यक्ष आशिम भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘कांग्रेस नेता ने हमारे मुख्यमंत्री का अपमान किया। जिस तरह से उन्होंने मुख्यमंत्री को निशाना बनाया वह बेहद आपत्तिजनक है। हमने उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है और उनकी गिरफ्तारी की मांग की है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\