देश की खबरें | पंजाब में आम आदमी पार्टी के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी कांग्रेस : वडिंग

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. अगले साल होने वाले आम चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से मुकाबला करने के लिए 26 विपक्षी दलों के हाथ मिलाने के एक दिन बाद पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी राज्य में सार्वजनिक मुद्दों पर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी।

चंडीगढ़, 19 जुलाई अगले साल होने वाले आम चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) से मुकाबला करने के लिए 26 विपक्षी दलों के हाथ मिलाने के एक दिन बाद पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने बुधवार को कहा कि उनकी पार्टी राज्य में सार्वजनिक मुद्दों पर सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगी।

कांग्रेस और आप उन 26 राजनीतक दलों में शामिल हैं, जो विपक्षी गठबंधन- ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इनक्लुशिव अलायंस’ (इंडिया) का हिस्सा हैं।

आप के साथ विपक्षी समूह में शामिल होने को लेकर शिरोमणि अकाली दल और भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस और आप ने एक ‘‘समझौता’’ किया है और सबसे पुरानी पार्टी को अब पंजाब में ‘‘सरकार की पार्टी’’ कहा जाना चाहिए।

शिअद ने पंजाब विधानसभा अध्यक्ष को पत्र लिखकर कहा कि कांग्रेस सदस्यों की सीट सत्ता पक्ष में स्थानांतरित कर दी जानी चाहिए। अकाली दल ने ‘‘आप-कांग्रेस सांठगांठ’’ को ‘‘बेमेल गठजोड़’’ बताया है।

दिल्ली में प्रशासनिक सेवाओं के नियंत्रण पर केंद्र सरकार के अध्यादेश का विरोध करने के फैसले की कांग्रेस की घोषणा के बाद ही आम आदमी पार्टी ने बेंगलुरु में विपक्षी दलों की बैठक में हिस्सा लिया।

मीडिया से यहां बातचीत करते हुए वडिंग ने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा संवैधानिक मूल्यों की रक्षा और लोकतंत्र को बचाने के लिए लड़ाई लड़ी है।

विपक्षी समूह ‘इंडिया’ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कई विपक्षी दल जो भाजपा और संघ की विचारधारा के खिलाफ हैं, उन्होंने हाथ मिला लिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन आप (मीडिया) इसे ऐसा रंग देते हैं कि (एक राजनीतिक) गठबंधन बन गया है। अब तक ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई है। हम पंजाब में मुख्य विपक्षी दल हैं।’’

कांग्रेस नेता ने एक सवाल के जवाब में कहा, ‘‘अगर राज्यों में ऐसा कोई मुद्दा (गठबंधन) आता है, तो वे (पार्टी आलाकमान) राज्य इकाइयों से परामर्श करेंगे और इसके बाद ही निर्णय किया जाएगा।’’

वडिंग ने कहा कि कांग्रेस पंजाब में नशे की समस्या और बाढ़ की स्थिति पर आम आदमी पार्टी के खिलाफ संघर्ष कर रही है।

उन्होंने कहा, ‘‘पंजाब में हम प्रमुख विपक्षी दल हैं और हम सार्वजनिक मुद्दों पर आप सरकार के खिलाफ लड़ना जारी रखेंगे।’’

पंजाब कांग्रेस प्रमुख ने कहा कि राज्य इकाई के वरिष्ठ नेताओं ने बुधवार को बाढ़ से संबंधित मुद्दों, पीड़ितों को मुआवजा और राज्य से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की।

वडिंग ने कहा, ‘‘हमने चर्चा की कि (बाढ़ से) प्रभावित लोगों के पुनर्वास के लिए आवश्यक धनराशि आवंटित करने और प्राकृतिक आपदा में अपने घर, मवेशी और प्रियजनों को खोने वाले लोगों को मुआवजा देने के वास्ते राज्य सरकार और केंद्र पर दबाव कैसे डाला जाए।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हमने पहले ही मांग की है कि केंद्र पीड़ितों के पुनर्वास के लिए 10,000 करोड़ रुपये जारी करे और उन किसानों को मुआवजा दे जिनकी पूरी फसल बर्बाद हो गई है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘यह एक मानव निर्मित आपदा थी, जिसने सैकड़ों परिवारों को तबाह और विस्थापित कर दिया।’’

आप और मुख्यमंत्री भगवंत मान को उनके ‘‘कुप्रबंधन और लापरवाही’’ के लिए पटकार लगाते हुए वडिंग ने कहा कि यदि मानसून से पहले आवश्यक कदम उठाए गए होते तो बारिश से दिक्कत नहीं होती ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

India vs West Indies, 4th T20I Match Scorecard: हैदराबाद में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया के सामने रखा 248 रनों का विशाल लक्ष्य, शाई होप ने खेली तूफानी शतकीय पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

India vs West Indies, 4th T20I Match Live Score Update: हैदराबाद में टीम इंडिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला जा रहा है सीरीज का चौथा मुकाबला, यहां देखें मैच का लाइव स्कोर अपडेट

Satta Bazar Mein Aaj Kaunsi Team Favourite? हैदराबाद में भारत बनाम वेस्टइंडीज के बीच चौथे टी20 मुकाबले को लेकर सट्टा बाजार का माहौल गर्म, मैच के दिन ये टीम बनी फेवरेट

India vs West Indies, 4th T20I Match Live Toss And Scorecard: हैदराबाद में टीम इंडिया के कप्तान श्रेयस अय्यर ने जीता टॉस, पहले गेंदबाजी करने का किया फैसला; यहां देखें दोनों टीमों की प्लेइंग इलेवन और लाइव स्कोरकार्ड