देश की खबरें | पवन खेड़ा की गिरफ्तारी को कांग्रेस ने बताया ‘तानाशाही’’, भाजपा ने कहा, कोई कानून से ऊपर नहीं
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने पार्टी नेता पवन खेड़ा की गिरफ्तारी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सरकार पर भारत के लोकतंत्र को ‘‘हिटलरशाही’’ और ‘‘तानाशाही’’ में बदलने का बृहस्पतिवार को आरोप लगाया। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को इस ‘गलतफहमी’ में नहीं रहना चाहिए कि वे कानून से ऊपर हैं।
नयी दिल्ली, 23 फरवरी कांग्रेस ने पार्टी नेता पवन खेड़ा की गिरफ्तारी पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए सरकार पर भारत के लोकतंत्र को ‘‘हिटलरशाही’’ और ‘‘तानाशाही’’ में बदलने का बृहस्पतिवार को आरोप लगाया। वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को इस ‘गलतफहमी’ में नहीं रहना चाहिए कि वे कानून से ऊपर हैं।
खेड़ा को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ उनकी कथित टिप्पणी के संबंध में दिल्ली-रायपुर की उड़ान से उतारे जाने के बाद असम पुलिस ने बृहस्पतिवार को यहां हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया।
उच्चतम न्यायालय ने हालांकि उन्हें 28 फरवरी तक अंतरिम जमानत पर रिहा कर राहत प्रदान की।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने गिरफ्तारी को लेकर सरकार पर निशाना साधा और दावा किया कि यह कार्रवाई सरकार के तौर-तरीके का परिचायक है। उन्होंने कहा, ‘‘संसद में मुद्दा उठाने पर विपक्षी सदस्यों को नोटिस दिया जाता है और पार्टी के राष्ट्रीय महाधिवेशन से पहले छत्तीसगढ़ में हमारे नेताओं पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के छापे मारे जाते हैं।’’
खरगे ने ट्वीट किया, ‘‘विपक्ष संसद में मुद्दे उठाए तो नोटिस दिया जाता है। महाधिवेशन के पहले छतीसगढ़ के हमारे नेताओं पर ईडी की छापेमारी कराई जाती है। आज पवन खेड़ा को विमान से जबरदस्ती उतारकर गिरफ्तार किया गया। भारत के लोकतंत्र को मोदी सरकार ने हिटलरशाही बना दिया। हम इस तानाशाही की घोर निंदा करते हैं।’’
कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या भारत ‘‘बनाना रिपब्लिक’’ बन गया है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि यह इसी तरह से काम करती है क्योंकि ‘‘सत्तारूढ़ पार्टी को कानून, संविधान और लोकतंत्र में कोई विश्वास नहीं है।’’
भाजपा ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि उसके नेताओं को इस ‘गलतफहमी’ में नहीं रहना चाहिए कि वे कानून से ऊपर हैं।
भाजपा के प्रवक्ता गौरव भाटिया ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘जो कुछ भी किया जाता है वह कानूनी तरीके से किया जाता है। कांग्रेस नेताओं को इस गलतफहमी में नहीं रहना चाहिए कि वे कानून से ऊपर हैं।’’
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने के बाद कांग्रेस ‘विक्टिम कार्ड’ (पीड़ित के रूप में खुद को प्रस्तुत करना) खेल रही है।
भाजपा नेता ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने दिल्ली हवाई अड्डे पर विरोध प्रदर्शन कर कानून का उल्लंघन किया और साथी यात्रियों के जीवन को खतरे में डाला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदर्शन से लोगों को असुविधा हुई।
भाटिया ने कहा, ‘‘ (प्रधानमंत्री) मोदी को देश के 140 करोड़ से अधिक लोगों का आशीर्वाद प्राप्त है और उन्हें गाली देना एक गड्ढा खोदने जैसा है जिसमें कांग्रेस गिर जाएगी।’’
कांग्रेस नेता वेणुगोपाल ने ‘पीटीआई-’ से कहा, ‘‘ये चीजें जिस तरह से की जा रही हैं, उसकी हम निंदा करते हैं। हम सभी रायपुर पार्टी के महाधिवेशन के लिए जा रहे थे, अचानक से खेड़ा को विमान से नीचे उतार दिया गया और इसका कोई कारण नहीं बताया गया।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)