देश की खबरें | कांग्रेस-सपा ने भारत की संस्कृति और राष्ट्रवाद की विचारधारा पर गोलियां चलवाई थीं : स्वतंत्र देव

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने रविवार को कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने अतीत में भारत की संस्‍कृति और राष्ट्रवाद की विचारधारा पर गोलियां चलवाई थीं।

लखनऊ, पांच सितंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने रविवार को कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने अतीत में भारत की संस्‍कृति और राष्ट्रवाद की विचारधारा पर गोलियां चलवाई थीं।

उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को प्रदेश के 18 महानगरों में प्रबुद्ध वर्ग सम्‍मेलन की शुरुआत की।

भाजपा मुख्‍यालय से जारी बयान के अनुसार अयोध्या के मारवाड़ी सेवा सदन में आयोजित प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा, ''कभी इंदिरा गांधी (कांग्रेस) ने संसद का घेराव कर रहे संतों पर गोलियां चलवाई थीं, तो सपा ने रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और यह गोलियां भारत की संस्कृति व राष्ट्रवाद की विचारधारा पर चली थी।''

उन्होने कहा, ''पूरे भारत की राम में आस्था है, यहां कण-कण में राम हैं, आजादी के बाद बनी कांग्रेस सरकार ने राम के अस्तित्व को नकार दिया और कांग्रेस सरकार के दौरान सोनिया गांधी ने रामसेतु को नहीं माना, आजादी के बाद शंकराचार्य की गिरफ्तारी हुई, हिन्दू आतंकवाद जैसा शब्द गढ़ा गया।'' उन्‍होंने सपा पर हमला करते हुए क‍हा, '' खुद को हिन्दू कहने व मंदिर जाने में ये शर्म महसूस करते थे। यह सब वोट बैंक के कारण होता है। इसी कारण से अभी कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि देने व तेरहवीं संस्कार में भी सपा का कोई नेता नहीं गया।''

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, '' उत्तर प्रदेश अपराध व भ्रष्टाचार मुक्त हुआ है। अब अगर कोई गरीब की झोपड़ी पर कब्जा करने का प्रयास करता है तो उसके घर पर बुलडोजर चलता है। जेल में रहने वाले गुंडे भी अब डरते है। उप्र में अब साम्प्रदायिक दंगे नहीं होते। जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अयोध्या में मंदिर का भूमि पूजन कर रहे थे तो एक भी पत्ता नहीं हिला। सरकार अगर हिन्दू को मकान देती है तो मुस्लिम को भी। हम दोनों मिलकर इस देश का विकास करें। दंगे की बात नहीं, सौहार्द की बात करें।’’

सम्मेलन में राज्य के कानून मंत्री ब्रजेश पाठक, भाजपा के प्रदेश महामंत्री व प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन प्रदेश प्रभारी, सांसद सुब्रत पाठक व महानगर अध्यक्ष मुकेश शर्मा ने भी अपने विचार रखे। भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने भी लखनऊ में अन्य स्थान पर सम्मेलन को संबोधित किया।

प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन के जरिये भाजपा शिक्षक, प्रोफेसर, इंजीनियर, डॉक्टर, साहित्यकार जैसे समाज के प्रबुद्धवर्ग के लोगों से संवाद कर रही है तथा केन्द्र व प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा जनता के हित में किये जा रहे कार्यों, सरकार की जनकल्याकारी योजनाओं, उपलब्धियों तथा लोककल्याणकारी कार्यों से अवगत करा रही है।

ऐसा माना जा रहा है कि भारतीय जनता पार्टी इन प्रबुद्ध वर्ग सम्‍मेलनों के जरिये अगले वर्ष की शुरुआत में राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव में बुद्धिजीवी वर्ग खासकर ब्राह्मण वर्ग को प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। चूंकि, विरोधियों द्वारा भाजपा सरकार में ब्राह्मणों के उत्पीड़न के आरोप लगाए जा रहे हैं और इस कड़ी में बहुजन समाज पार्टी और समाजवादी पार्टी ने अपने ब्राह्मण नेताओं को आगे कर प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलनों की श्रृंखला शुरू की है, इसलिए सभी राजनीतिक दलों में होड़ लगी है।

शनिवार को बहुजन समाज पार्टी की अध्‍यक्ष व उप्र की पूर्व मुख्‍यमंत्री मायावती ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया था कि बसपा के प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन की नकल करके भाजपा खुद अपना सम्मेलन शुरू करने जा रही है। उन्होंने कहा था, ''भाजपा के द्वेषपूर्ण और पक्षपाती रवैये से ब्राह्मण समाज बहुत दुखी है और बसपा के साथ तेजी से जुड़ रहा है। उससे भाजपा की ही नहीं बल्कि सपा और कांग्रेस सहित बहुतों की बौखलाहट साफ तौर पर बढ़ी है।''

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार की रात ट्वीट करके कहा था ''भाजपा सोच रही है कि वह प्रबुद्ध सम्मेलन करके 2022 में अपनी संभावित हार से बच जाएगी। ये भाजपा की भूल है क्योंकि सच्चे प्रबुद्ध, भाजपा की संकीर्ण राजनीतिक सोच के साथ कभी भी नहीं रहे हैं। इसके विपरीत प्रबुद्ध लोग जन-जागरण करेंगे और भाजपाइयों की नींद भी उड़ायेंगे।''

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

Pakistan vs Sri Lanka, T20 World Cup 2026 50th Match Weather Update: पललेकेले में पाकिस्तान बनाम श्रीलंका मुकाबले में मौसम बनेगा अहम फैक्टर या फैंस उठाएंगे पूरे मैच का लुफ्त? यहां जानें मौसम का हाल

Indian Railways: भारतीय रेलवे और सेना की बड़ी पहल, पूर्व सैनिकों और अग्निवीरों को रिटायरमेंट के बाद रेलवे में मिलेंगे करियर के नए अवसर

Pakistan vs Sri Lanka, T20 World Cup 2026 50th Match Preview: आज पाकिस्तान बनाम श्रीलंका के बीच खेला जाएगा अहम मुकाबला, मैच से पहले जानिए हेड टू हेड रिकॉर्ड्स, पिच रिपोर्ट, स्ट्रीमिंग समेत सभी डिटेल्स

Hathras Shocker: हाथरस में अजीबो-गरीब मामला, सुहागरात पर दुल्हन ने पति पर किया चाकू से हमला, फिर पूरे परिवार को बेहोश कर जेवर ले उड़ी, केस दर्ज; VIDEO

\