देश की खबरें | मप्र में भाजपा सरकार के 100 दिन पूरे होने पर कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने भाजपा पर मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार गिराकर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाते हुए शिवराज सरकार के 100 दिन पूरे होने पर मंगलवार को प्रदेश भर में ‘‘काला दिवस’’ मनाकर विरोध जताया।
भोपाल, 30 जून कांग्रेस ने भाजपा पर मध्यप्रदेश की कांग्रेस सरकार गिराकर लोकतंत्र की हत्या करने का आरोप लगाते हुए शिवराज सरकार के 100 दिन पूरे होने पर मंगलवार को प्रदेश भर में ‘‘काला दिवस’’ मनाकर विरोध जताया।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री सज्जन सिंह वर्मा और अन्य कांग्रेस नेताओं ने भाजपा तथा शिवराज सरकार को लोकतंत्र की हत्या का जिम्मेदार बताते हुए आरोप लगाया की कमलनाथ सरकार को धनबल के आधार पर विधायक खरीद कर गिराने का षड्यंत्र किया गया।
यह भी पढ़े | बिहार में आसमानी बिजली गिरने से 6 लोगों की मौत: 30 जून 2020 की बड़ी खबरें और मुख्य समाचार LIVE.
भोपाल में वर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शहर में विरोध प्रदर्शन कर काला दिवस मनाया।
इस अवसर पर वर्मा, पीसी शर्मा और जीतू पटवारी सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता को भी सम्बोधित किया।
यह भी पढ़े | SBI ग्राहक ध्यान दें! 1 जुलाई से ATM से कैश निकालना हो जाएगा महंगा, यहां पढ़ें डिटेल्स.
वर्मा ने आरोप लगाया, ‘‘भाजपा ने लोकतंत्र की हत्या करने का काम किया है। प्रदेश की पूर्ववर्ती कमलनाथ सरकार ने जनता के हित में अनेकों काम किये। किसानों का कर्ज माफ़ किया, युवाओं के रोजगार के लिए काम किया, महाकालेश्वर मंदिर के जीर्णोधार के लिए 300 करोड़ का प्रावधान किया, सैकड़ों गौशालाएं खुलवाईं। अपने कामों के चलते कमलनाथ सरकार की लोकप्रियता बढ़ती देख भाजपा को अपनी जमीन खिसकती दिखी इसलिये षडयंत्र कर, धनबल से कांग्रेस की सरकार को गिराया गया।’’
कांग्रेस नेताओं ने कहा, ‘‘सत्ता की लालसा को लिए भाजपा तथा शिवराज ने कोरोना की विभीषिका को भी नज़रअंदाज़ कर प्रदेश की जनता को मौत के मुंह में धकेलने का काम किया। कमलनाथ सरकार के दौरान जहां प्रदेश में कोरोना के मामले नहीं थे, वहीं शिवराज के सत्ता संभालने के बाद लगातार प्रदेश में कोरोना का संक्रमण फैलता गया।’’
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता आने वाले उपचुनावों में भाजपा को करारा जवाब देगी और इन्हें सबक सिखाएगी की भारत के संविधान तथा जनमत के साथ धोखाधड़ी का अंजाम क्या होता है।
केन्द्र की भाजपा सरकार द्वारा पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें बढ़ाने की आलोचना करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि डीजल की बढ़ती कीमतों के कारण किसानों के ऊपर लगभग 1800 रुपये प्रति हेक्टेयर का भार बढ़ गया है। उन्होंने इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री चौहान की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब वह विपक्ष में थे और केन्द्र में कांग्रेस की सरकार थी, तब चौहान ने इस तरह के कदमों का विरोध किया था।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में पिछले 100 दिनों में मध्यप्रदेश में कोरोना की स्थिति बिगड़ती जा रही है। आज प्रदेश में 13 हजार से अधिक संक्रमण के मामले हैं और 500 से अधिक लोगों की मृत्यु हो चुकी है। प्रदेश में लंबे समय से प्रतिदिन 200 से अधिक मामले आ रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कोरोना के मुद्दे पर लोगों को गुमराह कर रही है। इसके साथ ही कांग्रेस ने कोविड-19 महामारी की स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की।
भोपाल की तरह प्रदेश के इन्दौर, विदिशा, रीवा, उमरिया, दतिया, श्योपुर, टीकमगढ़, शहडोल, छतरपुर सहित अन्य जिलों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)