देश की खबरें | कांग्रेस सांसद राजीव सातव का निधन, नेताओं ने जताया शोक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस नेता और राज्यसभा सदस्य राजीव सातव का कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त होने के बाद स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण रविवार को निधन हो गया। अस्पताल के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

पुणे, 16 मई कांग्रेस नेता और राज्यसभा सदस्य राजीव सातव का कोरोना वायरस संक्रमण से मुक्त होने के बाद स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों के कारण रविवार को निधन हो गया। अस्पताल के सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सातव (46) का पिछले महीने कोरोना वायरस से संक्रमित पाए जाने के बाद पुणे के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था और वह वेंटीलेटर पर थे।

कोविड-19 से उबरने के बाद वह साइटोमेगालो वायरस से संक्रमित पाए गए थे और उनकी हालत गंभीर हो गई थी।

महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने कहा, ‘‘वह कोविड-19 से उबर गए थे। वह कुछ इम्युनोसप्रेसैंट (शरीर की प्रतिरक्षा प्रणाली को रोकने वाली) दवाएं ले रहे थे क्योंकि वह स्पॉन्डेलाइटिस से पीड़ित थे और चूंकि उनकी रोग प्रतिरोधक शक्ति कमजोर थी तो वह कोविड-19 की चपेट में आ गए। बाद में उन्हें एक बैक्टीरियल संक्रमण हो गया जिसके कारण उनके फेफड़ों में फाइब्रोसिस हो गया। डॉक्टरों की कोशिशों के बावजूद उनकी इस संक्रमण से मौत हो गई।’’

सातव ने 22 अप्रैल को बताया था कि वह कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं और अगले दिन उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उनके निधन पर दुख जताया और कहा कि यह उनके लिए बहुत बड़ी क्षति है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मैं अपने मित्र राजीव सातव के निधन से बहुत दुखी हूं। उनमें एक नेता के तौर पर असीम संभावनाएं थी और उन्होंने कांग्रेस के आदर्शों को आत्मसात कर लिया था। यह हम सभी के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।’’

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सातव को पार्टी का उभरता सितारा बताया जो अपने समर्पण तथा निष्ठा के लिए जाने जाते थे।

गांधी ने अपने शोक संदेश में कहा कि वह ‘‘सभी के लिए विश्वस्त सहकर्मी और मित्र’’ रहे पार्टी नेता के निधन से बहुत दुखी हैं।

उन्होंने कहा कि यह उनके लिए निजी क्षति है।

गांधी ने कहा, ‘‘राजीव सातव केवल 46 वर्ष के थे और इसके बावजूद जमीनी स्तर से उठकर बेहद कम समय में अपने अटूट समर्पण, निष्ठा और कड़ी मेहनत के कारण उन्होंने कई जिम्मेदारियां निभाईं।’’

उन्होंने कहा कि सातव भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष, एआईसीसी सचिव और गुजरात में पार्टी के प्रभारी रहे।

उन्होंने कहा, ‘‘लोकसभा सांसद के तौर पर उन्होंने लोगों के मुद्दे उठाए और संविधान के आदर्शों के लिए लड़े। वह कांग्रेस पार्टी के उभरते सितारे थे।’’ उन्होंने कहा कि पूरी कांग्रेस उनके निधन से दुखी है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने सातव की मां और पत्नी से फोन पर बातचीत की तथा उनके प्रति अपनी संवेदनाएं जताई।

कांग्रेस प्रमुख ने कहा, ‘‘हम उनके परिवार के लिए प्रार्थना करते हैं कि उन्हें हिम्मत के साथ आने वाले दिनों का सामना करने की ताकत मिले।’’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘संसद के अपने मित्र श्री राजीव सातव जी के निधन से दुखी हूं। वह उभरते हुए नेता थे जिनमें काफी संभावनाएं थीं। उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ओम शांति।’’

उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू ने ट्वीट किया, ‘‘मैं राज्यसभा सदस्य श्री राजीव सातव का कोविड संबंधी दिक्कतों के कारण असामयिक निधन से बहुत दुखी हूं। वह ऊर्जावान सांसद थे और लोगों की सेवा के प्रति समर्पित थे। शोक संतप्त परिवार के सदस्यों और उनके समर्थकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। ओम शांति।’’

कांग्रेस ने अपने आधिकारिक हैंडल से ट्वीट किया, ‘‘हम राज्यसभा सदस्य श्री राजीव सातव के निधन से बहुत दुखी हैं। राष्ट्र के प्रति उनके अटूट समर्पण और सादगी से पार्टी का कामकाज चलाने को काफी याद किया जाएगा। उनके परिवार, मित्रों तथा समर्थकों के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।’’

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि इस नुकसान से वह निशब्द हो गए हैं।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘आज एक ऐसा साथी खो दिया जिसने सार्वजनिक जीवन का पहला कदम युवा कांग्रेस में मेरे साथ रखा और आज तक मेरे साथ चले पर आज...राजीव सातव की सादगी, बेबाक मुस्कुराहट, जमीनी जुड़ाव, नेतृत्व और पार्टी से निष्ठा तथा दोस्ती सदा याद आएगी। अलविदा मेरे दोस्त। जहां रहो, चमकते रहो।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा, ‘‘राजीव सातव के रूप में हमने अपना सबसे होनहार सहयोगी खो दिया। उनका दिल बेहद साफ था, वह ईमानदार, कांग्रेस के आदर्शों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध और भारत के लोगों के प्रति समर्पित थे। मेरे पास शब्द नहीं हैं, उनकी युवा पत्नी और बच्चों के लिए प्रार्थना करती हूं। ईश्वर उन्हें उनके बिना जीने की ताकत दें।’’

महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि सातव का निधन एक अपूरणीय क्षति है। राकांपा और शिवसेना ने भी उनके निधन पर दुख जताया।

राकांपा अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि वह सातव के निधन से स्तब्ध हैं। पवार ने उन्हें एक अध्ययनशील और आक्रामक नेता बताया।

पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने ट्वीट किया, ‘‘हमारे युवा राज्यसभा सांसद राजीव सातव के निधन से दुखी हूं। उनका निधन पार्टी के लिए भारी क्षति है। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।’’

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, प्रकाश जावड़ेकर और स्मृति ईरानी तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी सातव के निधन पर शोक जताया।

गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने ट्वीट किया, ‘‘गुजरात में कांग्रेस के प्रभारी राजीव सातव जी का निधन बहुत दुखद है। वह हमेशा सार्वजनिक जीवन में सक्रिय रहे। ईश्वर उनकी आत्मा को मोक्ष प्रदान करें तथा उनके परिवार के सदस्यों एवं प्रियजनों को इस दुख को सहने की शक्ति दें।’’

गुजरात विधानसभा में विपक्ष के नेता परेश धनानी ने कहा कि सातव की सादगी, मुस्कुराहट, जमीनी स्तर पर लोगों से जुड़ाव और पार्टी के प्रति वफादारी को हमेशा याद किया जाएगा।

धनानी ने ट्वीट किया, ‘‘अलविदा मेरे दोस्त, अलविदा मेरे बॉस।’’

गुजरात कांग्रेस ईकाई के अध्यक्ष अमित चावड़ा और पूर्व मुख्यमंत्री तथा कांग्रेस के पूर्व नेता शंकर सिंह वाघेला ने भी सातव को श्रद्धांजलि दी।

मायो क्लिनिक की वेबसाइट के अनुसार, साइटोमेगालो वायरस एक आम वायरस है जो रक्त, मूत्र, लार, स्तन के दूध, आंसुओं, वीर्य और योनि के तरल पदार्थ समेत शरीर के तरल पदार्थों के जरिए फैलता है।

जिन लोगों का प्रतिरक्षा तंत्र कमजोर होता है या जो एचआईवी से संक्रमित होते हैं उन्हें यह बीमारी होने की आशंका अधिक होती है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

संबंधित खबरें

T20 World Cup 2026 Semi Final Schedule: वेस्टइंडीज को हराकर सेमीफाइनल में भारत, 5 मार्च को वानखेड़े में इंग्लैंड से भिड़ंत; यहां देखें पूरा शेड्यूल

India vs West Indies, 52nd Match Scorecard: रोमांचक मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया को 5 विकेट से हराकर सेमीफाइनल में बनाई जगह, संजू सैमसन ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें IND बनाम WI मैच का स्कोरकार्ड

Australia Women vs India Women, 3rd ODI Match Video Highlights: होबार्ट में ऑस्ट्रेलिया ने टीम इंडिया को 185 रनों से रौंदा, सीरीज में 3-0 से किया क्लीन स्वीप; यहां देखें AUS W बनाम IND W मैच का वीडियो हाइलाइट्स

India vs West Indies, 52nd Match Scorecard: कोलकाता में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया के सामने रखा 196 रनों का टारगेट, रोवमैन पॉवेल और जेसन होल्डर ने खेली धमाकेदार पारी; यहां देखें पहली पारी का स्कोरकार्ड

\