देश की खबरें | कांग्रेस ने एससी, एसटी, ओबीसी को ‘दूसरे दर्जे का नागरिक’ बना दिया : प्रधानमंत्री मोदी

हिसार (हरियाणा), 14 अप्रैल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को भीम राव आंबेडकर की जयंती पर कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए आरोप लगाया कि सत्ता में रहने के दौरान कांग्रेस ने अनुसूचित जातियों (एससी), अनुसूचित जनजातियों (एसटी) और अन्य पिछड़ा वर्गों (ओबीसी) को ‘‘दूसरे दर्जे का नागरिक’’ बना दिया था।

महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे से अयोध्या के लिए पहली वाणिज्यिक उड़ान को हरी झंडी दिखाने और हवाई अड्डे पर एक नए टर्मिनल भवन की आधारशिला रखने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को नष्ट करने वाली पार्टी बन गई है।

मोदी ने आरोप लगाया कि जब भी कांग्रेस की सरकार को खतरा हुआ, उसने संविधान को ‘‘कुचल दिया’’। उन्होंने अपने दावे की पुष्टि के लिए 1975-77 के आपातकाल का हवाला दिया।

उन्होंने कहा, ‘‘संविधान की भावना समान नागरिक संहिता की है, जिसे मैं धर्मनिरपेक्ष नागरिक संहिता कहता हूं। लेकिन कांग्रेस ने इसे कभी लागू नहीं किया।’’

उन्होंने उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार द्वारा समान नागरिक संहिता लागू करने का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘इस देश का दुर्भाग्य देखिए। संविधान की प्रति लेकर चलने वाले ये कांग्रेसी लोग इसका विरोध कर रहे हैं।’’

प्रधानमंत्री ने दावा किया कि संविधान में अनुसूचित जातियों, जनजातियों और अन्य पिछड़ा वर्गों के लिए आरक्षण का प्रावधान है, लेकिन कांग्रेस ने कभी उनकी परवाह नहीं की।

उन्होंने कहा, ‘‘बाबा साहब समानता लाना चाहते थे लेकिन कांग्रेस ने देश में वोट बैंक (की राजनीति) का ‘वायरस’ फैलाया। वह चाहते थे कि हर गरीब व्यक्ति सिर उठा कर जिए, लेकिन कांग्रेस ने एससी, एसटी और ओबीसी को ‘‘दूसरे दर्जे का नागरिक’’ बना दिया।’’

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता हासिल करने के लिए पवित्र संविधान को हथियार बना लिया और ‘‘वोट बैंक (की राजनीति) का वायरस’’ फैलाया।

उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के वर्षों के लंबे शासन के दौरान पार्टी के नेताओं के स्विमिंग पूल तक पानी पहुंचता था, लेकिन गांवों तक नल का पानी नहीं पहुंचा। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आजादी के 70 साल बाद भी गांवों में केवल 16 प्रतिशत घरों में नल से पानी पहुंच रहा था... इससे सबसे ज्यादा प्रभावित कौन थे? वे एससी, एसटी और ओबीसी थे।’’

उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व की आलोचना करते हुए कहा कि अगर उन्हें दलितों के कल्याण की इतनी ही चिंता है, तो ‘‘आजकल हर गली में’’ भाषण देने वालों को यह सुनिश्चित करना चाहिए था कि पार्टी के सत्ता में रहने के दौरान एससी, एसटी और ओबीसी के घरों तक पानी पहुंचे।

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले छह-सात वर्षों में हमारी सरकार ने 12 करोड़ से अधिक ग्रामीण घरों में नल के पानी के कनेक्शन उपलब्ध कराए हैं। 80 प्रतिशत घरों में अब नल का पानी पहुंच रहा है और हम इसे शेष सभी घरों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।’’

मोदी ने इस बात पर प्रकाश डाला कि उनकी सरकार ने 11 करोड़ शौचालय बनाए हैं और कहा कि पहले शौचालयों की कमी के कारण अनुसूचित जातियों, जनजातियों और पिछड़े वर्गों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।

मोदी ने दावा किया कि अनुसूचित जातियों, अनुसूचित जनजातियों और पिछड़े वर्गों के लिए बैंक भी नहीं खुले थे और बीमा तथा ऋण प्राप्त करना उनके लिए एक सपना था। उन्होंने कहा कि आज ये समुदाय जन धन योजना के सबसे बड़े लाभार्थी हैं।

मोदी ने कहा, ‘‘हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि उन्होंने (कांग्रेस ने) आंबेडकर के साथ क्या किया। बाबा साहब जब जीवित थे तो कांग्रेस ने उनका अपमान किया और उन्हें दो बार चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। तत्कालीन कांग्रेस सरकार उन्हें बाहर करना चाहती थी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें व्यवस्था से बाहर रखने के लिए एक साजिश रची गई थी। जब आंबेडकर नहीं रहे, तो कांग्रेस ने उनकी यादों को मिटाने की भी कोशिश की। वह उनके विचारों को भी खत्म करना चाहती थी।’’ उन्होंने दावा किया कि मुंबई के इंदु मिल में आंबेडकर का स्मारक बनाने के लिए लोगों को संघर्ष करना पड़ा।

मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने आंबेडकर के जीवन से जुड़े स्थानों को ‘पंच तीर्थ’ के रूप में विकसित किया है।

यहां से अयोध्या के लिए उड़ान को हरी झंडी दिखाने और नए टर्मिनल भवन की आधारशिला रखने के बाद मोदी ने कहा कि केंद्र की भाजपा नीत सरकार एक तरफ ‘कनेक्टिविटी’ पर जोर दे रही है, वहीं दूसरी तरफ सामाजिक न्याय और गरीबों के कल्याण को सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘यह डॉ. आंबेडकर का सपना था।’’

मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘हमारे संविधान निर्माताओं और इस देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वालों ने हमारे देश के लिए यही चाहा था। ये उनके सपने थे।’’

मोदी ने महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डे के नए टर्मिनल भवन के लिए आधारशिला रखी। इसका निर्माण अनुमानित 410 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया जाएगा। इस परियोजना को दो साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। हिसार से अयोध्या के लिए सप्ताह में दो बार और जम्मू, अहमदाबाद, जयपुर और चंडीगढ़ के लिए सप्ताह में तीन उड़ानें शुरू होने से हरियाणा की विमानन ‘कनेक्टिविटी’ में महत्वपूर्ण उछाल आने की उम्मीद है।

मोदी ने कहा कि हिसार से अन्य शहरों के लिए उड़ानें बहुत जल्द शुरू होंगी।

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘यह हरियाणा की आकांक्षाओं को नयी ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए है। मेरा आपसे वादा रहा है कि हवाई चप्पल पहनने वाला व्यक्ति भी हवाई जहाज में उड़ेगा। हम इस वादे को साकार होते देख रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 10 वर्षों में करोड़ों भारतीयों ने पहली बार हवाई जहाज में उड़ान भरी। हमने उन जगहों पर हवाई अड्डे बनाए हैं, जहां पहले अच्छे रेलवे स्टेशन भी नहीं थे।’’

मोदी ने पिछली कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष किया और अपनी बात की पुष्टि करते हुए कहा कि 2014 से पहले देश में 74 हवाई अड्डे थे, लेकिन अब भारत में 150 से अधिक हवाई अड्डे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘हमारी एयरलाइन कंपनियों ने 2,000 नए विमानों के ऑर्डर दिए हैं। जब और विमान जुड़ जाएंगे, तो नौकरियां पैदा होंगी - चाहे वह पायलट हों, एयर होस्टेस हों या ग्राउंड स्टाफ जैसी दूसरी सेवाएं हों, इन सभी क्षेत्रों में नौकरियों का सृजन होगा। विमान रखरखाव से जुड़ा एक बड़ा क्षेत्र भी बहुत सारी नौकरियां पैदा करेगा।’’

प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘बिना रुके विकास, तेजी से विकास, यही भाजपा सरकार का मंत्र है। हमारा लक्ष्य गरीबों, आदिवासियों और महिलाओं के जीवन में बदलाव लाना है। हमारी सरकार का हर फैसला और नीति बाबा साहब आंबेडकर को समर्पित है।’’

उन्होंने कांग्रेस पर सामाजिक न्याय के बारे में बड़े-बड़े दावे करने का आरोप लगाया और कहा, ‘‘लेकिन हमें याद रखना होगा कि उसने आंबेडकर और चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न नहीं दिया।’’

मोदी ने कहा कि यह भाजपा समर्थित सरकार थी जिसने आंबेडकर को मरणोपरांत भारत रत्न दिया था। उन्होंने कहा कि यह भाजपा सरकार थी जिसने चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न दिया था।

उन्होंने हरियाणा की पिछली कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए उस पर रिश्वत और पक्षपात कर सरकारी नौकरियां देने का आरोप लगाया।

मोदी ने पार्टी पर ‘वन रैंक, वन पेंशन’ के मुद्दे पर पूर्व सैनिकों को धोखा देने का भी आरोप लगाया।

मोदी ने आरोप लगाया कि कांग्रेस की तुष्टिकरण की नीति के कारण मुस्लिम समुदाय को नुकसान उठाना पड़ा।

उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस ने 2013 के अंत में जल्दबाजी में वक्फ कानून में संशोधन किया ताकि उसे चुनावों में वोट मिल सके। उन्होंने इस कानून को संविधान से ऊपर बनाया, जो बाबासाहब का सबसे बड़ा अपमान था।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि वोट बैंक के लालची कौन हैं? अगर आपको वाकई मुसलमानों से थोड़ी भी हमदर्दी है, तो कांग्रेस को एक मुसलमान को अपना अध्यक्ष बनाना चाहिए। वे ऐसा क्यों नहीं करते?’’

मोदी ने हरियाणवी बोली में कहा कि राज्य अपने जवानों, खिलाड़ियों और भाईचारे के लिए जाना जाता है।

आंबेडकर की जयंती पर मोदी ने कहा, ‘‘आज हम सबके लिए देश के लिए और खासकर दलितों, कमजोर और वंचित वर्गों के लिए यह एक महत्वपूर्ण दिन है। यह उनके लिए दूसरी दिवाली है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)