चंडीगढ़/नयी दिल्ली, 18 सितंबर कांग्रेस की पंजाब इकाई में फिर तेज हुई तनातनी के बीच पार्टी आलाकमान के निर्देश पर शनिवार शाम विधायक दल की बैठक बुलाई गई है। कई विधायकों ने मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को हटाने की मांग करते हुए सोनिया गांधी को पत्र भी लिखा है।
सूत्रों का कहना है कि विधायक दल की बैठक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर कोई न कोई फैसला हो सकता है, हालांकि कांग्रेस की ओर से इस बारे में आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।
विधायक दल की बैठक से पहले मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह भी अपने समर्थक विधायकों के साथ बैठक कर रहे हैं।
कुछ खबरों में यह भी कहा गया है कि कांग्रेस नेतृत्व ने अमरिंदर सिंह से इस्तीफा देने के लिए कहा है, हालांकि कांग्रेस सूत्रों ने इस बारे में कुछ भी कहने से इनकार किया है।
पार्टी के उच्च पदस्थ सूत्रों ने बताया कि 50 से अधिक विधायकों ने पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर आग्रह किया है कि अमरिंदर सिंह को मुख्यमंत्री पद से हटाया जाए।
पता चला है कि पंजाब प्रदेश कांग्रेस में संकट बढ़ने के बाद अमरिंदर सिंह ने भी सोनिया गांधी से बात की और बार बार हो रहे अपने ‘अपमान’ को लेकर नाराजगी जताई। सोनिया से अमरिंदर के बात करने के बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
सूत्रों का कहना है कि यह संकट ‘गंभीर’ है क्योंकि बहुत सारे विधायकों ने विधानसभा चुनाव से कुछ महीने पहले मुख्यमंत्री को बदलने की मांग की है।
विधायकों ने अपने पत्र में सोनिया गांधी ने विधायक दल की बैठक बुलाने कर मांग की। पार्टी आलाकमान ने शनिवार शाम बैठक बुलाने का निर्देश दिया और वरिष्ठ नेताओं - अजय माकन और हरीश चौधरी को केंद्रीय पर्यवेक्षक नियुक्त किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY