ताजा खबरें | कांग्रेस के नेतृत्व वाला गठबंधन सत्ता में आने पर नगा शांति वार्ता का समाधान करेगा: सुरजेवाला

Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मंगलवार को कहा कि अगर विपक्षी दलों का गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस) केंद्र की सत्ता में आता है तो वह दशकों पुरानी नगा शांति वार्ता का मसला हल करेगा।

कोहिमा, 16 अप्रैल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने मंगलवार को कहा कि अगर विपक्षी दलों का गठबंधन ‘इंडिया’ (इंडियन नेशनल डेमोक्रेटिक इंक्लूसिव अलायंस) केंद्र की सत्ता में आता है तो वह दशकों पुरानी नगा शांति वार्ता का मसला हल करेगा।

नगालैंड की एकमात्र लोकसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार एस सुपोंगमेरेन जमीर के समर्थन में दीमापुर में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सुरजेवाला ने सत्तारूढ़ एनडीपीपी को "दिशाहीन प्रचार पार्टी" और भाजपा को "बहुत झूठी पार्टी" करार दिया और दोनों पर लोगों से किए वादों को पूरा नहीं करने का आरोप लगाया।

कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) पर संविधान को कमजोर कर देश के बहुलवाद और विविध संस्कृतियों पर हमला करने का आरोप लगाया।

सुरजेवाला ने कहा, “कांग्रेस के नेतृत्व वाला ‘इंडिया’ अगर सत्ता में आता है तो नगा शांति वार्ता का समाधान करेगा। ‘फ्रेमवर्क एग्रीमेंट’ पर 2015 में हस्ताक्षर किए गए थे लेकिन पिछले नौ वर्षों में कुछ नहीं हुआ। किसी ने भी समझौते की सामग्री नहीं देखी है। “फ्रेमवर्क एग्रीमेंट’ मोदी के जुमले के अलावा कुछ नहीं है।”

उन्होंने कहा, "राजीव गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने ही असम, मिजोरम और पंजाब में समझौते किए थे। अगर नगालैंड के लोग जमीर को संसद भेजते हैं, तो कांग्रेस लोगों की संतुष्टि के लिए नगा मुद्दे का समाधान करेगी।"

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने संविधान के अनुच्छेद 371ए को लागू किया था जो नगा संस्कृति, रस्मी कानून और परंपराओं तथा भूमि और संपत्ति के स्वामित्व की रक्षा करता है, "लेकिन भाजपा संविधान को बदलना चाहती है।"

कांग्रेस सांसद ने आरोप लगाया कि बहुलवाद, विविधता और धर्मनिरपेक्षता सहित देश के संवैधानिक लोकाचार पर भाजपा और आरएसएस हमला कर रहे हैं और यह सभी की जिम्मेदारी है कि एक साथ आएं और समाज को विभाजित होने से रोकें।

सुरजेवाला ने आरोप लगाया, “भाजपा अपने कई सहयोगियों के साथ भारतीयों की विविधता और संस्कृतियों पर हमला कर देश में नफरत और विभाजन की संस्कृति का प्रचार कर रही है।”

उन्होंने कहा, “हर कोई इस भूमि पर एक साथ स्वतंत्र रूप से रह सके, इसके लिए भारत के नेताओं ने अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।"

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि देश में फिलहाल दो मॉडल हैं।

उन्होंने कहा, "भाजपा-मोदी मॉडल तानाशाही, दबाव डालने, डराने-धमकाने का है, जबकि कांग्रेस मॉडल करुणा, प्रेम, संवाद, सुनने और समाधान खोजने का है।"

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी रैली को संबोधित करने वाले थे, लेकिन कुछ स्वास्थ्य वजहों से वह ऐसा नहीं कर सके।

नगालैंड की एकमात्र लोकसभा सीट के लिए पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा।

नोमान अविनाश

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\