देश की खबरें | लोकसभा चुनाव में एमवीए के बेहतरीन प्रदर्शन के बाद कांग्रेस नेताओं ने पवार, उद्धव से मुलाकात की
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में महा विकास अघाडी (एमवीए) गठबंधन के प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (राकांपा-एसपी) के प्रमुख शरद पवार और शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना-यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से शुक्रवार को यहां अलग-अलग मुलाकात की।
मुंबई, सात जून लोकसभा चुनाव में महाराष्ट्र में महा विकास अघाडी (एमवीए) गठबंधन के प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (राकांपा-एसपी) के प्रमुख शरद पवार और शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना-यूबीटी) के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे से शुक्रवार को यहां अलग-अलग मुलाकात की।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) की महाराष्ट्र इकाई के प्रभारी रमेश चेन्निथला, पार्टी महासचिव मुकुल वासनिक और राज्य विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वड्डेटीवार ने एमवीए के दो प्रमुख नेताओं से उनके आवासों पर मुलाकात की।
लोकसभा चुनाव में राज्य में विपक्षी गठबंधन के प्रभावशाली प्रदर्शन के बाद एमवीए नेताओं की यह पहली बैठक थी। राज्य में तीन दलों के इस गठबंधन ने 48 लोकसभा सीट में से 30 सीट पर जीत हासिल की, जबकि सत्तारूढ़ गठबंधन महायुति को सिर्फ 17 सीट पर ही जीत मिली।
चेन्निथला ने शुक्रवार को इससे पहले राज्य से नवनिर्वाचित कांग्रेस सांसदों को दक्षिण मुंबई में पार्टी की प्रदेश इकाई के मुख्यालय में संबोधित किया।
एमवीए को तब और बल मिला जब पश्चिमी महाराष्ट्र में सांगली सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल करने वाले कांग्रेस के बागी नेता विशाल पाटिल ने राष्ट्रीय पार्टी को समर्थन दिया।
एमवीए सहयोगियों में से कांग्रेस ने राज्य में सर्वाधिक 13 लोकसभा सीट पर जीत हासिल की। शिवसेना (यूबीटी) ने नौ और राकांपा (एसपी) ने आठ सीट जीतीं।
एमवीए एक राज्यस्तरीय गठबंधन है और इसके घटक दल ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) का हिस्सा हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)