देश की खबरें | कर्नाटक मंत्रिमंडल के विस्तार के लिए कांग्रेस नेताओं ने सिलसिलेवार बैठकें कीं

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने कर्नाटक मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के साथ बृहस्पतिवार को चर्चा की। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

नयी दिल्ली, 25 मई कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने कर्नाटक मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के साथ बृहस्पतिवार को चर्चा की। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

इन दोनों नेताओं ने कांग्रेस के कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला, पार्टी महासचिव (संगठन) के.सी. वेणुगोपाल से मुलाकात की। इसके बाद, उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर उनके साथ अलग-अलग बैठकें कीं।

इसके बाद, सुरजेवाला के साथ सिद्धरमैया और शिवकुमार ने पार्टी के गुरुद्वारा रकाबगंज रोड कार्यालय में एक बैठक की तथा राज्य के विस्तारित मंत्रिमंडल में शामिल किये जा सकने वाले नामों पर चर्चा की।

सूत्रों ने बताया कि कर्नाटक मंत्रिमंडल में करीब 20 और मंत्रियों को शामिल किये जाने की संभावना है। राज्य मंत्रिमंडल को अंतिम रूप दिये जाने से पहले एक और दौर की चर्चा की जाएगी।

शिवकुमार बुधवार शाम राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे, जबकि सिद्धरमैया रात में पहुंचे थे।

उल्लेखनीय है कि सिद्धरमैया और शिवकुमार ने 20 मई को आठ मंत्रियों के साथ क्रमश मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

हालांकि, मंत्रियों को विभागों का बंटवारा अब तक नहीं किया गया है।

कांग्रेस आलाकमान ने आठ मंत्रियों की प्रथम सूची को मंजूरी दी थी, जबकि शुरूआती योजना के तहत मंत्रिमंडल में करीब 28 विधायकों को शामिल किया जाना था।

सूत्रों ने बताया कि केवल उन विधायकों के नाम को मंजूरी दी गई, जो सभी वर्गों का प्रतिनिधित्व करते थे और वरिष्ठतम थे तथा जिनके नाम को लेकर कोई आपत्ति नहीं की गई थी।

समझा जाता है कि सिद्धरमैया और शिवकुमार, मंत्री पद के लिए अपने-अपने करीबी विधायकों के नाम आगे बढ़ा रहे हैं।

कर्नाटक में अधिकतम 34 मंत्री हो सकते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\